रोहतक। दीपावली के अवसर पर प्रदूषण को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता मनीष ग्रोवर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू त्योहारों के आते ही कुछ लोगों को पटाखों और प्रदूषण की चिंता सताने लगती है। आखिर पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर अलग-अलग त्योहारों के लिए अलग-अलग मापदंड क्यों अपनाए जाते हैं?
मनीष ग्रोवर ने कहा कि हिंदू समाज दीपावली को दीप जलाकर, मिठाइयां बांटकर, घरों को सजाकर और आतिशबाजी के साथ हर्षोल्लास से मनाता है। लेकिन जब दीपावली आती है तो कुछ लोग पटाखों से होने वाले प्रदूषण को लेकर हिंदू त्योहारों पर सवाल उठाने लगते हैं।
उन्होंने सवाल किया कि जब अन्य धार्मिक अवसरों पर भी बड़े स्तर पर आयोजन और परंपराएं निभाई जाती हैं, तब पर्यावरण और प्रदूषण को लेकर वैसी ही चर्चा क्यों नहीं होती? पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर सभी के लिए समान दृष्टिकोण होना चाहिए।

पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदूषण के लिए केवल पटाखे ही जिम्मेदार नहीं हैं। वाहनों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और अन्य कई कारण भी वायु प्रदूषण बढ़ाते हैं। इसलिए प्रदूषण की समस्या पर व्यापक दृष्टिकोण से विचार करने और सभी कारणों पर समान रूप से कार्रवाई करने की जरूरत है।
मनीष ग्रोवर ने कहा कि दीपावली भारत की संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा महापर्व है। किसी भी समाज की धार्मिक भावनाओं और त्योहारों को राजनीतिक या वैचारिक निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने हिंदू समाज से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने त्योहारों को पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर किसी एक धर्म के त्योहार को निशाना बनाना और अलग-अलग मापदंड अपनाना उचित नहीं है।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!