रोहतक में एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल सवारों द्वारा छीनाझपटी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पहले अपने मोटरसाइकिल से टक्कर मारी और बाद में धमकी देते हुए मोबाइल फोन व नकदी छीन ली। पीड़ित ने इस घटना की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
गांव गरनावठी निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बातया कि वह हिसार बाइपास चौक के पास एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। रात करीब 7 बजे वह फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद अपनी बाइक पर सवार होकर घर गरनावठी लिए चला था। जब वह बेरी रोड से गांव गरनवाठी की तरफ मुड़ने लगा तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए।
उक्त दोनों मोटरसाइकिल सवार युवक अपनी बाइक को साइड में लेकर आए। जिन्होंने आते ही उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों लड़कों ने अपनी गलती भी मान ली। जब सुनील मोटरसाइकिल लेकर चलने लगा तो दोनों युवकों ने अपनी बाइक आगे अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
उक्त युवकों में से एक ने सुनील का गला दबाकर मारने की धमकी दी। साथ ही उसकी जेब से मोबाइल फोन भी छीन लिया। वहीं दूसरे युवक ने उसकी जेब से रुपए निकाल लिए। उसकी जेब से कुल 310 रुपए ही निकाले गए। इसके बाद पीड़ित ने बचने के लिए आवाज लगाई तो गांव का ही एक व्यक्ति आ गया। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी।

