Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दुष्कर्मी पिता को जेल पहुंचाया तो मां ने दी जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पर बताई आपबीती- वीडियो वायरल

पानीपत के सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 साल की लड़की ने रोते-बिलखते हुए अपने ही घर से वीडियो बनाकर वायरल की है। लड़की ने बताया कि उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। इस शिकायत पर पापा को पुलिस ने जेल भेज दिया है। अब, मां समेत परिवार के सभी लोग और रिश्तेदार उसे व उसकी शादीशुदा बहन को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कह रहे हैं कि या तो पापा को जेल से बाहर निकलवा, नहीं तो दोनों को खत्म करके जेल चले जाएंगे। लड़की ने वीडियो वायरल करके खुद की व अपनी बहन की जिंदगी बचाने की गुहार लगाई है।

लड़की ने यह कहा वीडियो में…

हेल्लो, मेरा नाम वैशाखी (काल्पनिक नाम) है। मैं पानीपत के एक नगर की रहने वाली हूं। आज आपको अपने बारे में बताना चाहती हूं। प्लीज वीडियो को पूरा देखना और इसे ज्यादा से ज्यादा वायरल करना।

मेरे मम्मी-पापा के 4 बच्चे हैं। 2 बहनें और 2 भाई हैं। मेरी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर पर मैं हूं। मेरे से 2 भाई छोटे हैं। मुझे नहीं पता कि मेरी बहन के साथ क्या हुआ है, मगर जो मेरे साथ हुआ है, मैं आपके साथ शेयर करना चाहती हूं। मेरे उम्र 17 साल है। मेरे साथ वह हादसे हुए है, जो नहीं होने चाहिए थे। मेरे सगे पापा ने मुझे नींद की गोली देकर रात को फिंगर रेप किया। छेड़खानी करते हुए रेप करने की कोशिश करते थे। मैंने अपनी मम्मी को बताया, मगर उन्होंने पापा को कुछ नहीं कहा। फूफा, नानी, दादी सभी को बताया, मगर किसी ने कुछ नहीं कहा।

जब बात बढ़ी तो मैंने पुलिस को बताया था। शिकायत दर्ज करवाई थी। पापा जेल चले गए। मेरे पास कुछ ऐसी ऑडियो रिकॉर्डिंग हैं, जिससे साबित कर सकती हूं कि यह बात सभी को पता थी। पापा जेल में हैं तो मेरे चाचा, दादा, फूफा, नानी, मम्मी सब मुझ पर दबाव बना रहे हैं कि पापा को जेल से बाहर निकलवा। धमकी दे रहे हैं कि हमने जेल में तो जाना ही है, लेकिन तेरी बहन का भी घर खराब कर देंगे। तुझे भी मार देंगे, फिर जेल जाएंगे। रोती-बिलखती लड़की पूछ रही है कि यह बताओ हमारी कोई इज्जत नहीं है क्या? पापा ने गलत किया है तो वे जेल में हैं।

पीड़िता ने की वीडियो वायरल करने की भावुक अपील

मतलब वह पापा हैं, इसलिए बाहर निकलवा रहे हैं। हमारी तो कोई इज्जत ही नहीं है। लड़की ने गुहार लगाई है कि वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर करें और बताएं कि मैंने ठीक किया या नहीं। मेरी जिंदगी और मौत का सवाल है। मेरी बहन की फैमिली को बचा लो, नहीं तो सब खत्म हो जाएंगे। मेरे साथ न्याय नहीं हुआ तो सभी लड़कियों के साथ अन्याय होगा। प्लीज वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें। धन्यवाद।

बड़ी बहन ने सीएम को लिखी चिट्ठी, बोली-पिता करते थे शारीरिक शोषण, सीएम साहब, देश की बेटी को बचा लो

अब छोटी बहन के समर्थन में बड़ी बहन भी खुलकर उतर आई है। बड़ी बहन ने मुख्यमंत्री के नाम चिट्ठी लिखकर खुलासा किया कि उसके पिता अक्सर उसका भी शारीरिक शोषण करते थे, जिससे परेशान होकर उसने 2015 में शादी कर ली थी। उसके बाद पिता ने 17 वर्षीय छोटी बहन का कई बार शारीरिक शोषण किया, जिससे परेशान होकर उसने पुलिस को शिकायत दी और पिता को जेल भिजवाया।

अब मेरे मायके वाले मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कह रहे हैं कि या तो पापा को जेल से बाहर निकलवाओ, नहीं तो सभी को खत्म कर देंगे। हमारी ऊपर तक पहुंच है, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।

ये है बड़ी बहन का सीएम के नाम खत, पढ़िए बाप और परिजनों के हैवानियत की पूरी दास्तां

मैं, … पत्नी अनिल कुमार, पानीपत की निवासी हूं। मेरी आपसे प्रार्थना है कि मेरे पिता मेरे साथ शारीरिक शोषण करते थे, जिससे तंग आकर मैंने 2015 में शादी कर ली थी। इस शोषण का मेरी मां, नानी फूफा सबको पता था, किंतु उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की। आज, मैं, अपने ससुराल में हूं। मेरी एक छोटी बहन व दो भाई हैं। मेरी बहन जो 17 साल की है। मेरे पिता, उसके साथ 2 से 3 साल से शारीरिक शोषण कर रहे थे, जिससे तंग आकर, मेरी बहन ने सेक्टर-29 पानीपत थाने में रिपोर्ट लिखवाई थी। अब मेरे पिता जेल में हैं। किंतु, मेरे परिवार वाले अब मुझे, मेरे पति व बच्चों को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

मेरे चाचा संदीप निवासी गांव सिवानका हमें बार-बार धमकी दे रहे हैं कि या तो अपने पिता को जेल से निकलवा दो, नहीं तो तुझे और तेरे पति व बच्चों को जान से मार देंगे। हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हमारी उच्च अधिकारियों तक पहुंच हैं। हमारी कोई सहायता नहीं कर रहा है। कृपया करके मुझे, इस देश की बेटी समझकर हेल्प करें। मेरी और मेरे परिवार की रक्षा करते हुए उक व्यक्ति यानि संदीप व उसके साथी नाम ना मालूम के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए।

Exit mobile version