Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक DLF रेस्टोरेंट में शराब पीने से मना किया तो युवकों ने काटा बवाल; तोड़े गाड़ियों के शीशे– सभी आरोपियों के नाम आए सामने, केस दर्ज़

रोहतक की DLF कॉलोनी स्थित रेस्टोरेंट Foodie’s Heaven में कल देर शाम जन्मदिन पार्टी मना रहे युवकों और युवतियों को रेस्टोरेंट ऑनर ने शराब पीने से मना किया तो उन्हें इतना गुस्सा आ गया कि पहले उन्होंने रेस्टोरेंट मालिक से बहस की और बाहर आने के बाद तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना सब करके भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने रेस्टोरेंट मालिक की लाठी-डंडों से पिटाई कर डाली। युवकों ने जाते समय रास्ते में खड़े वाहनों को भी तोड़ डाला।

जवाहर नगर निवासी वीरभान नारंग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने DLF कॉलोनी में रेस्टोरेंट किया हुआ है। सोमवार दोपहर को रमन उर्फ राजेश रेस्टोरेंट में आया और कहा कि उसका जन्मदिन है। इसके लिए कुछ लड़के व लड़कियां आएंगी। जन्मदिन पार्टी के लिए हॉल बुक करवाया। बुकिंग के दौरान ही रेस्टोरेंट में शराब पीने से मना कर दिया था।

सोमवार शाम को 12-13 लोग (युवक-युवतियां) रेस्टोरेंट में आए। वे पार्टी हॉल में पार्टी करने लगे। कुछ समय बाद पता लगा कि लड़के शराब व सिगरेट पी रहे हैं। जिसके बाद वह पार्टी हॉल में गया और लड़कों को शराब पीने से मना कर दिया। मना करने पर पार्टी कर रहे युवक बहस करने लगे। हालांकि कुछ लड़के व लड़कियां वहां से चले भी गए।

वीरभान ने कहा कि इसी दौरान कुछ लड़के अंदर थे और 3-4 युवक बाहर से रेस्टोरेंट में आ गए। उन्होंने पहले काउंटर हिलाने का प्रयास किया साथ ही उसके साथ भी मारपीट करने लगे। बचने के लिए वह रेस्टोरेंट के बाहर भाग गया। वहीं 8-9 युवक तोड़फोड़ करने लगे और उन्होंने उसे सड़क पर गिराकर मारपीट भी की।

उन्होंने कहा कि आरोपी युवक अपनी गाड़ी से लाठी-डंडे निकाल लाए और मारने लगे। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उसे बचाया। उन युवकों ने जान से मारने की धमकी भी दी। वहां खड़ी 2 स्कूटियों को भी सड़क पर गिराकर तोड़ दिया। साथ ही वहां से जाते समय रास्ते में जो भी गाड़ी व वाहन मिला उसे भी तोड़ते हुए फरार हो गए। वीरभान ने कहा कि आरोपियों ने कई गाड़ियों के शीशे तोड़े हैं। वहीं वारदात के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए।

वारदात के बाद क्षेत्र वासियों में भी रोष है। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके की भयावता को बताया। उनका कहना था यहां आये दिन ऐसे युवक हुड़दंग करते घूमते हैं। कोचिंग क्लासेस से जा रही लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं और उन्हें देखकर हूटिंग करते हैं। पुलिस केवल वर्दी पहनने और प्रशासन के अधिकारी सिर्फ वेतन लेने के लिए हैं। शहर में क्या हो रहा है उससे उनको कोई फर्क नहीं पड़ता। जिस तरह से इन आवारा लड़कों ने राहगीरों को पीटा है उससे किसी की जान भी जा सकती है। लेकिन इससे प्रशासन को क्या फर्क पड़ता है।

इस तरह की वारदात से कालोनी के लोग दहशत में हैं। रेस्टोरेंट ऑनर ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 148/149/323/452/427/506 लगाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version