Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एग्जाम में फेल हुआ तो रोहतक के नाबालिग ने छोड़ा घर: कमरे की दीवार पर चिपकाया नोट; लिखा- मैं आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया

रोहतक में नीट क्वालिफाई न होने पर इकलौता नाबालिग बेटा घर छोड़कर चला गया। घर से जाने से पहले उसने कमरे की दीवार पर एक नोट चिपका दिया। जिसमें उसने माता-पिता को लिखा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। इसलिए घर छोड़ रहा हूं।

इसके बाद परेशान माता-पिता बेटे का लिखा नोट लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। परिवार को उसके दूसरे नाबालिग दोस्त से उसके दिल्ली में होने का भी पता चला। हालांकि बेटा अभी तक घर नहीं लौटा है।

पिता बोले- कोचिंग सेंटर गया था, वापस नहीं लौटा
पिता ने रोहतक के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया कि उनका एक ही बेटा है। अभी वह नाबालिग है। अक्टूबर में वह 18 साल का हो जाएगा। 26 जुलाई की दोपहर साढ़े 12 बजे वह कोचिंग के लिए घर से निकला।

मगर, डेढ़ बजे उन्हें कोचिंग सेंटर से फोन आया कि बेटा आज यहां नहीं आया। इसके बाद उन्हें पता चला कि बेटा कहीं गायब हो गया है। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद खुद भी तलाश करना शुरू कर दिया।

कमरा देखा तो दीवार पर चिपका नोट मिला
इकलौती संतान नाबालिग बेटे के ऐसे अचानक गायब होने पर उन्हें कुछ समझ नहीं आया। वे घर आए और उसका कमरा खंगाला ताकि दोस्तों से बात कर पूछ सकें। तभी उन्हें उसकी कमरे की दीवार पर एक कागज चिपका मिला। वह उनके बेटे ने उनके लिए लिखा था।

इस नोट में बेटे ने लिखा- ” “मैं अपनी मर्जी से घर छोड़ रहा हूं। जब नीट परीक्षा में मेरे कम अंक आए थे तो मैं बहुत परेशान रहता था। आपने मुझे राजस्थान कोचिंग के लिए छोड़ दिया था, लेकिन वहां भी मेरा मन नहीं लगा। मैं आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। इसलिए मैंने यह घर छोड़ दिया है।”

400 के करीब नंबर आए थे
पिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने NEET की परीक्षा दी थी। हालांकि उसके करीब 400 नंबर आए। इस वजह से नीट में क्वालिफाई नहीं हो सका। उन्होंने उसे कोचिंग भी कराई। शायद इसी वजह से वह दबाव में आ गया और ऐसा कदम उठा लिया।

बेटे के दोस्त का फोन आया, वे दिल्ली पहुंचे तो बेटा चला गया
अभी वे बेटे की तलाश कर रहे थे कि उसकी मां के बाद दिल्ली से एक बच्चे का फोन आया। उसने बताया कि उनका बेटा उसके यहां आया हुआ है। इसका पता चलते ही वे तुरंत रोहतक से दिल्ली पहुंच गए। जब वे बेटे के दोस्त के घर पहुंचे तो बेटा वहां से भी कहीं जा चुका था।

पुलिस बोली- नीट परीक्षा पास न करने की वजह से घर छोड़ा
सिविल लाइन थाने के जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि नाबालिग की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। उसने घर पर एक पत्र भी छोड़ा है। जिसमें नाबालिग ने लिखा है कि वह नीट परीक्षा पास नहीं कर पाया। इसलिए वह घर छोड़कर जा रहा है। पुलिस नाबालिग की तलाश में जुटी हुई है।

Exit mobile version