Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरिद्वार जाने के लिए परिवार वालों ने नहीं दिए पैसे तो युवक ने किया सुसाइड; घर से भागकर ट्रेन के आगे कूदा- 10 साल पहले हो चुकी पिता की मौत

करनाल में मंगलवार को एक युवक द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार युवक हरिद्वार जाना चाहता था। उसने परिवार के लोगों से पैसे मांगे थे। जब परिवार ने पैसे देने से मना कर दिया तो उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक रात को ही घर से निकल गया।

सुबह उसका शव रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ मिला। मृतक की पहचान बसताड़ा गांव के रहने वाले रमनदीप सिंह (20) के रूप में हुई है। GRP पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

रमनदीप के मामा बलिंद्र कुमार से मिली जानकारी के अनुसार घर वालों ने रात को ही उसकी तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। मंगलवार को रेलवे लाइन पर GRP को एक शव मिला। GRP ने मृतक के मोबाइल की जांच की। इसके बाद उन्हें घटना की सूचना दी गई।

बलिंद्र सिंह ने बताया कि रमनदीप घर का इकलौता बेटा था। वह मजदूरी करता था। उसके पिता नरेंद्र की 10 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। घर में उसकी मां और दादा-दादी हैं। रमनदीप की एक छोटी बहन भी है, उसकी 1 साल पहले शादी हो चुकी है।

GRP थाना के जांच अधिकारी महेंद्र ने बताया कि रात को डेढ़ बजे सूचना मिली थी कि बसताड़ा रेलवे फाटक पर एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। शव के पास मोबाइल भी था, जिससे घर वालों का नंबर निकालकर मृतक की पहचान की गई। रमनदीप बसताड़ा गांव का रहने वाला था और किसी कहासुनी के कारण घर से निकला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version