Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक निकाय चुनाव में प्रचार का आज थमेगा पहिया, भाजपा व कांग्रेस रोड शो के बहाने करेंगे शक्ति प्रदर्शन, कल मांगेंगे घर-घर वोट

रोहतक जिले में निकाय चुनाव को लेकर आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा की तरफ से मंत्री कृष्ण लाल पंवार रोड करेंगे, जिसमें दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के शामिल होने की संभावना है। हालांकि अभी कार्यक्रम तय नहीं है। वहीं कांग्रेस की तरफ से दीपेंद्र हुड्डा रोड शो कर ताकत दिखाने का काम करेंगे।

निकाय चुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है। अभी तक भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री, राज्यसभा सांसद, प्रदेशाध्यक्ष व स्वयं सीएम दो बार चुनाव प्रचार कर चुके है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से एक बार भूपेंद्र हुड्डा व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने प्रचार किया है। जबकि सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अकेले रोहतक का मोर्चा संभाला हुआ है। प्रचार थमने क बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांगेंगे।

भाजपा की तरफ से निकाय चुनाव में जातीय समीकरणों को देखते हुए मंत्रियों को प्रचार में उतारा गया था। भाजपा की तरफ मेयर प्रत्याशी रामअवतार वाल्मीकि के पक्ष में पहले सीएम नायब सैनी नामांकन करवाने आए। इस दौरान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा मौजूद थे। दोनों ने ओबीसी वर्ग को साधने का प्रयास किया। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक आए, जो ब्राह्मण वोट बैंक को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे थे।

संकल्प पत्र विमोचन के बहाने सीएम नायब सैनी, मोहन लाल कौशिक, डॉ. अरविंद शर्मा, विपुल गोयल पहुंचे, जिन्होंने सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया। उधर भाजपा के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ भी मंच से भावुक होते हुए नजर आए। इसके साथ ही मंत्री कृष्ण बेदी को एससी वर्ग साधने के लिए मैदान में उतारा गया। जाट समाज को पक्ष में करने के लिए मंत्री श्रुति चौधरी व पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु को कमान सौंपी गई।

रोहतक के गढ़ को बचाने के लिए कांग्रेस ने एक बार फिर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा के कंधों पर जिम्मेदारी सौंपी। अकेले दीपेंद्र हुड्डा निकाय चुनाव में मेयर उम्मीदवार सूरजमल किलोई के पक्ष में तीन से चार बार प्रचार करने आए है, जिन्होंने 22 वार्डों में सभी वर्गों को एक साथ कांग्रेस के पक्ष में करने का प्रयास किया।

वहीं भूपेंद्र हुड्डा ने पूर्व मंत्री सुभाष बतरा की बेटी के वार्ड में प्रचार किया, क्योंकि भूपेंद्र हुड्डा खुद भी उसी वार्ड में रहते हैं। दीपेंद्र हुड्डा प्रचार के अंतिम दिन रोड शो के बहाने शक्ति प्रदर्शन कर भाजपा खेमे में खलबली मचाने का प्रयास करने जा रहे है।

Exit mobile version