Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

थाने में क्या हो रहा था?26 दिन में SHO की कुर्सी गई8 महीने में तीसरा SHO बदला गया

हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां थाना प्रभारी पीएसआई सुखबीर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह फिलहाल एडिशनल एसएचओ को थाने का प्रभार सौंपा गया है। सुखबीर सिंह का कार्यकाल महज 26 दिन का रहा। पुलिस विभाग के अनुसार उनके व्यवहार और कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

सूत्रों के मुताबिक, थाना प्रभारी के तौर पर सुखबीर सिंह का थाने में आने वाले लोगों के साथ व्यवहार ठीक नहीं था। इसके अलावा वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद में भी उलझे हुए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह कुछ समय के लिए थाने से भी अनुपस्थित रहे। घटना के बाद पुलिस विभाग ने पूरे मामले का संज्ञान लिया।

एसपी बोले- शिकायतों के आधार पर लिया फैसला

सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सुखबीर सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। लोगों का आरोप था कि उनकी समस्याओं पर कार्रवाई नहीं हो रही और थाने में संतोषजनक व्यवहार भी नहीं मिल रहा था। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उन्हें थाना प्रभारी के पद से हटाकर लाइन हाजिर किया गया है।

आठ महीने में तीसरे SHO पर कार्रवाई

रानियां थाना पिछले कुछ महीनों से लगातार सुर्खियों में रहा है। बीते आठ महीनों में यह तीसरे थाना प्रभारी हैं, जिन्हें पद से हटाया गया है। इससे पहले इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को ओटू गांव में नशे से दो युवकों की मौत के मामले में निलंबित किया गया था। उनके बाद आए पीएसआई गुरमविंद्र सिंह मान को भी एक युवक की नशे से मौत के मामले में सस्पेंड कर दिया गया था।

अब नए SHO की होगी तैनाती

पुलिस विभाग ने रानियां थाने में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए हैं। इंस्पेक्टर संतोख सिंह या निर्मल सिंह को नया थाना प्रभारी बनाया जाएगा। इनमें से संतोख सिंह हाल ही में गुरुग्राम से ट्रांसफर होकर सिरसा पहुंचे हैं और गुरुवार को कार्यभार संभाल सकते हैं।

लगातार हो रहे बदलावों के कारण रानियां थाना एक बार फिर चर्चा में है। अब देखना होगा कि नए थाना प्रभारी कानून-व्यवस्था और जनता के भरोसे को कितना मजबूत कर पाते हैं।

Exit mobile version