Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

यह कैसा प्रतिबंध? चाइनीज मांझे की बिक्री बंद,फिर भी लोगो की कटी गर्दन, बाल बाल बची जान

रोहतक में चाइनीज मांझे की बिक्री बंद है। डीसी ने भी दो दिन पहले धारा 144 लगाते हुए इस मांझे की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस सक्रिय हुई और ताबड़तोड़ छापेमारी भी गई। तीन दुकानाें से 135 गट्टू बरामद किए गए। बावजूद इसके लोगों की गर्दन पर जानलेवा वार हो रहे हैं। रविवार को तीज पर्व होने के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने जमकर पतंग उड़ाई। इस दौरान चाइनीज मांझे की चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। बाइक पर जाते समय चाइनीज मांझे ने गर्दन पर घातक वार किया। गर्दन पर लिपटने के बाद बमुश्किल बाइक रोककर जान बचाई। इन लहुलुहान लोगों को उपचार कराना पड़ा।

1. पिता की दवा लेने पीजीआई जाते हुए गोहाना अड्डे पर हादसा: गुरुनानकपुरा के अमित पिता को दवाई दिलाने पीजीआई ले जा रहे थे। गोहाना अड्डे पर अमित की गर्दन में अचानक मांझा आ लगा। उसकी तेज रगड़ से गर्दन पर घाव हुआ। अमित ने स्कूटी रोकी। कम स्पीड के बावजूद दोनों सड़क पर गिरे। अमित की गर्दन में घाव हो गया। इसके बाद पीजीआई में पहुंचकर उपचार कराया।

गुरुनानक पुरा निवासी घायल अमित।

2. एलीवेटेड से बाइक से जाते हुए चाइनीज मांझे ने चीरी गर्दन बहादुरगढ़ का नरेश शहर में अपने काम से आने के बाद वापस घर जा रहे थे। बाइक पर सवार होकर एलीवेटेड रोड पर पहुंचे। इस बीच चाइनीज मांझे ने गर्दन चीर दी। इस पर उसने बाइक रोकी। घाव से गर्दन लहुलुहान हो गई। किसी तरह हिम्मत बटोरकर बाइक साइड में की। इसके बाद नजदीकी डॉक्टर के पास पहुंचकर उपचार कराया।

बहादुरगढ़ निवासी घायल नरेश।

3. पीजीआई कर्मचारी की गर्दन कटने से घायल: रविवार को पीजीआई का कर्मचारी मंजीत ड्यूटी करने के बाद बाइक से अपने घर टिटोली जा रहा था। जैसे ही वह अपने गांव के नजदीक पहुंचा तभी पतंग कटने से चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में आकर लिपट गया। गले में मांझा लिपटने से उसने तत्काल बाइक रोक दी। घायल ने नजदीकी डॉक्टर के पास जाकर उपचार कराया।

निवासी घायल मंजीत
Exit mobile version