हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारत में आज से पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इससे 7 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश देखने को मिलेगी। 5 और 6 अक्टूबर को पूरे हरियाणा और 7 अक्टूबर को अधिकांश जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 8 अक्टूबर से हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम हो जाएगी।

पहाड़ों से हवाएं मैदानी इलाकों की तरफ चलेगी। इससे लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अभी हरियाणा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बादल छाने से दिन के तापमान में अब कमी देखने को मिलेगी। वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के बाद नमी बढ़ेगी इससे सुबह और रात के समय ठंडक महसूस होने लगेगी। गुरुवार को तापमान की बात करें तो सिरसा में तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव, बंगाल की खाड़ी में बने एक कम दबाव का क्षेत्र बनने और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से नमी वाली हवाएं उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों की तरफ आने की संभावना है। इससे हरियाणा के मौसम में 4 अक्टूबर रात्रि से बदलाव होने की संभावना है।

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से राज्य में 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। परंतु 8 अक्टूबर दोपहर बाद से मौसम साफ हो जाने और हवाओं में फिर से बदलाव उत्तर एवं उत्तर पश्चिमी होने से तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!