सोनीपत के गोहाना शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पहल की जा रही है। स्थानीय विधायक और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के प्रयासों से पश्चिमी बाइपास का निर्माण होगा। इसको लेकर एसडीएम गोहाना आईएएस अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बाइपास के रास्ते में आने वाले पांच गांवों में प्रशासनिक टीम जल्द ही दौरा करेगी। इनमें माहरा, ठसका, आहुलाना, हसनगढ-गोहाना और खन्दराई शामिल हैं। बाइपास को रोहतक रोड को जींद रोड से जोड़ा जाएगा
प्रशासन ने किसानों के लिए एक नई व्यवस्था की है। किसान ई-भूमि पोर्टल पर स्वेच्छा से अपनी जमीन का मूल्य निर्धारित कर सकेंगे। इससे पहले गांवों में मुनादी करवाई जाएगी। इससे किसान पोर्टल खुलने से पहले ही जमीन की कीमत तय करने के बारे में जान सकेंगे।
यह प्रोजेक्ट विधानसभा चुनाव के दौरान की गई मांग का परिणाम है। उस समय दुकानदारों और आम लोगों ने शहर को जाम से मुक्ति दिलाने की मांग की थी। बैठक में नायब तहसीलदार अभिमन्यु, लोक निर्माण एवं सड़क विभाग के एसडीओ अशोक कुमार, एसईपीओ राजकुमार और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
