Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में अगले 2 दिन मौसम साफ रहेगा:तेज हवाओं ने दिलाई प्रदूषण से राहत, कल से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना

हरियाणा में तेज हवाओं के कारण मौसम का मिजाज कुछ हद तक बदल गया है। हालांकि सर्दी के आने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। कल से न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है। सुबह और शाम को हल्की ठंड है, लेकिन दिन में गर्म मौसम कुछ दिन और रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। दिन में अच्छी धूप निकलेगी। बता दें कि पिछले कई दिनों से प्रदूषण के कारण खराब हुई हवा में भी हवा चलने से कुछ हद तक सुधार हुआ है। दिवाली और उसके बाद हुई आतिशबाजी के बावजूद प्रदेश के अधिकतर जिलों में एक्यूआई 300 से नीचे रहा। आज न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार अक्टूबर में उत्तर भारत में औसत तापमान सामान्य से अधिक रहा। इसलिए ऊपर से हवा चलती रही और प्रदूषण भी कम होता रहा। तापमान कम हुआ तो हवा में नमी बढ़ेगी और प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ेगा। प्रदेश में कई स्थानों पर पराली जलाने और दिवाली के त्योहार पर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ने की संभावनाएं थीं, लेकिन हवा ने राहत पहुंचाई और प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया। मौसम विभाग के अनुसार 4 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद न्यूनतम तापमान में मामूली कमी देखने को मिलेगी। अधिकतम तापमान में कमी आने के बाद ही सर्दी शुरू होगी।

Exit mobile version