Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 2 दिन खराब रहेगा मौसम:चंडीगढ़ समेत 6 जिलों के लिए येलो अलर्ट; बारिश-ओलावृष्टि से दिन का पारा गिरा

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के बाद फिर अगले 2 दिन मौसम खराब रहने वाला है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें चंडीगढ़ के अलावा पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल शामिल हैं। यहां गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने कल यानी 29 अप्रैल को हरियाणा के उत्तरी जिलों में मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। पिछले 24 घंटे में पंचकूला, कैथल, झज्जर, बहादुरगढ़, पानीपत में बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के HOD प्रोफेसर डॉ. मदन सिंह खीचड़ ने बताया है कि अब 4 पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो चुके हैं। इनका आंशिक असर हरियाणा में भी हो रहा है। मौसम में यह बदलाव अप्रैल के लास्ट तक रहने वाला है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल आने की संभावना है। दिन के अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी रहेगी, लेकिन रात के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं।

अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव दिखाई देंगे। इस दौरान सूबे में तपिश बढ़ेगी, दिन का पारा 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है। मई की शुरुआत में ही लू का प्रकोप भी लोगों को झेलना पड़ सकता है।

बारिश के अलर्ट से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। मंडियों में गेहूं का धीमी गति से उठान हो रहा है। प्रदेश में करीब 60% गेहूं की फसल मंडियों में पहुंच चुकी है। अब तक मंडियों में करीब 46.54 लाख टन गेहूं पहुंच चुका है, लेकिन 40 लाख टन ही गेहूं की खरीद हुई है।

हैरानी इस बात की है कि अभी इस गेहूं की फसल में सिर्फ 2.70 लाख मीट्रिक टन ही फसल का उठान हुआ है। ओवरऑल सिर्फ 36% ही फसल का उठान हो पाया है, बाकी गेहूं मंडियों में खुला पड़ा हुआ है।

Exit mobile version