हरियाणा में मानसून अभी भी एक्टिव है। यही वजह है कि आज भी सूबे के 13 जिलों में मौसम में बदलाव होने के आसार बने हुए हैं। इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत, यमुनानगर, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, पलवल और मेवात जिले शामिल हैं। इन जिलों में बादल छाएंगे, हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
24 घंटे में सितंबर में 5 जिलों में रिकार्ड बारिश दर्ज की गई। पंचकूला और कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हुई। कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 47 एमएम बारिश हुई, पंचकूला में 40 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में आए बदलाव से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। सूबे में दिन के पारे में 3.2 की गिरावट आई है।
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में अभी मानसून की 2 दिन वापसी नहीं होगी। 29 सितंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
इस दौरान मानसून हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर तेज हवाएं चलने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट तथा वातावरण में नमी की मात्रा में वृद्धि होने की भी संभावना है।

