हरियाणा में इस बार गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। सूबे में पिछले 28 दिनों से लगातार लू चल रही है। मौसम विभाग ने आज भी सूबे के 12 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हाल यह हो चुका है कि 6 जिलों में 46 डिग्री से पारा पार हो चुका है।

हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आज रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 19 से 21 तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है।

अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और नूंह में ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा में भीषण गर्मी के साथ अब उमस भी लोगों को परेशान करने लगी है। रविवार को भी लू से आमजन बेहाल रहे। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चली। पिछले 24 घंटे में प्रदेशभर का औसत तापमान दिन का 0.5 और रात का 1.3 डिग्री बढ़ा है।

दिन का तापमान सामान्य से 5.2 से 7.8 डिग्री तक ज्यादा रहा। सभी जिलों में यह 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। नूंह में यह सर्वाधिक 46.7 डिग्री तक पहुंचा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!