Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 19 जून से बदलेगा मौसम:5 दिन और रहेगी भीषण गर्मी, 6 जिलों में लू से हालात खराब, पारा 45 के पार

हरियाणा में अभी 5 दिन और भीषण गर्मी झेलनी होगी। 19 की रात से मौसम में बदलाव होगा, 20 से बारिश के आसार बन रहे हैं। यह प्री-मानसून की बारिश बताई जा रही है। हालांकि, अभी 6 जिलों में हालात खराब हैं। यहां का अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। दिन के साथ अब रात को भी गर्मी बढ़ गई है।

रात का न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे में 1 डिग्री तक बढ़ चुका है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 33 डिग्री रहा, यह सामान्य से 8.2 डिग्री तक ज्यादा है।

हरियाणा में 20 जून को प्री-मानसून की बारिश आने के आसार हैं। प्री-मानसून के सप्ताह बाद मानसून भी 10 दिन के अंदर दस्तक दे सकता है। 15 से 19 जून तक गर्मी तेज रह सकती है। इसके बाद ही राहत मिलेगी। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बरसात हुई है।

HAU के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में मानसून 27 जून से 3 जुलाई के बीच में दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून की बरसात के बाद गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

हरियाणा के 6 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। नूंह 45.8, फरीदाबाद 45.8, जींद 45.8, सोनीपत 45.6, नारनौल 45.0, सिरसा 45.0, हिसार 44.6, अंबाला 44.5, दादरी 44.4, करनाल 44.2, कुरुक्षेत्र 44.1, पानीपत 44.1, गुरुग्राम 44.0, पलवल 43.9, भिवानी 43.6, यमुनानगर 43.5, रेवाड़ी 43.4 और पंचकूला में 42.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Exit mobile version