Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम: 21 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट; ओलावृष्टि के साथ चलेंगी हवाएं- किसानों की फिर बढ़ेगी मुश्किलें

हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने ऐसी आशंकाओं को देखते हुए 21 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। 23 मार्च को दक्षिण पूर्व हरियाणा के 7 और 24 मार्च को 21 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार अलर्ट वाले जिलों में गरज चमक के साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा के दक्षिण और दक्षिण पूर्व के दो जिले महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिम और दक्षिण पश्चिम के सिरसा और फतेहाबाद में ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा है। इसके अलावा हिसार, चरखी दादरी और भिवानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना नहीं है, लेकिन गरज चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

24 मार्च को राज्य में मौसम को लेकर हालात ज्यादा खराब होंगे। इसी को देखते हुए उत्तर हरियाणा अंतर्गत आने वाले 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट रखा गया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में गरज चमक के साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हरियाणा के दक्षिण और दक्षिण पूर्व के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत जिलों में ऑरेंज अलर्ट रखा गया है। यहां के झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद जिलों को येलो श्रेणी में मौसम विभाग ने शामिल किया है। पश्चिम और दक्षिण पश्चिम के जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार में येलो और भिवानी, चरखी दादरी को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।

हरियाणा में मौसम विभाग के अलर्ट के बाद किसान फिर चिंतित हो गया है। इसकी वजह है कि हाल ही में बारिश और ओलावृष्टि से राज्य में लगभग 63 हजार हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। एक अनुमान के मुताबिक सूबे के 11 जिलों के 2720 गांवों के 34,064 किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। हालांकि हरियाणा सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए स्पेशल गिरदावरी कराने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version