हरियाणा में आज यानी सोमवार को मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की ओर से आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, आज सभी 22 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। वहीं आईएमडी के अनुसार प्रदेश में 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। हालांकि, कुछ हिस्सों में सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी लगातार हो रही है। जबकि शाम को ठंडक होती है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 15 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। जिसके चलते अगले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 02 से 03 सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उसके बाद राज्य के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं 15 फरवरी के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना बन रही है। लेकिन, अगले पांच दिनों तक दिनों में तेज धूप खिलेगी। जिसके चलते लोगों को दिन में गर्मी का एहसास होगा।
हरियाणा में सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। इसके अलावा 11 फरवरी से लेकर 15 फरवरी तक प्रदेश का अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। हालांकि, इस दौरान ठंडी हवाएं चलती रहेगी। लेकिन, तेज धूप निकलने की वजह से तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

