Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मौसम का यू-टर्न: 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान 5°C गिरा; रेवाड़ी से हिसार तक झमाझम बरसात

हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत मिली है। मौसम पलटने से पिछले 24 घंटों में हुई तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1°C नीचे और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.9°C नीचे पहुंच गया है। मौसम में आए इस बदलाव से रात में गर्मी कम देखने को मिली है।

देर रात रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद में जमकर बारिश हुई। इससे एक दिन पहले आए तूफान से फतेहाबाद, हिसार में काफी नुकसान हुआ। कुरुक्षेत्र में करंट से एक दुकानदार की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने आज हरियाणा के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों जैसे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और नूंह में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बूंदाबांदी का सिलसिला 14 जून को भी जारी रहेगा। रविवार को हरियाणा के पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार में येलो अलर्ट जारी किया गया है, यहां धूलभरी आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसके बाद 15 और 16 जून को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

आंधी और बारिश के असर से हरियाणा में दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। कल राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 4.1°C गिर गया, जो सामान्य से 5.1°C कम दर्ज किया गया। अधिकांश शहरों में पारा 30°C से 35°C के बीच सिमट गया।

करनाल में सबसे कम 30.8°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जबकि चंडीगढ़ में यह 33.5°C रहा। पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5°C रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में रात के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 4.2°C कम हुआ है, जो सामान्य से 4.9°C नीचे पहुंच गया है। इसके चलते रातें काफी ठंडी और सुहावनी हो गई हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ के नारनौल में 19.5°C दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 19.9°C रहा। अधिकांश जिलों में रात का पारा 21°C से 24°C के बीच बना हुआ है।

Exit mobile version