Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मौसम ने ली करवट,मौसम विभाग ने अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया ,50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं

हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बाकी सभी जिलों में हवाओं के साथ बादल छाए रह सकते हैं।

शुक्रवार देर शाम को प्रदेश के करीब 14 जिलों में बारिश के साथ आंधी चली। हिसार के बरवाला में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

कुरुक्षेत्र में आंधी के कारण बैलेंस बिगड़ने से व्यक्ति साइकिल समेत नहर में गिर गया। वह करीब एक घंटा नहर में फंसा रहा। 12 किलोमीटर तक बहने के बाद गोताखोरों की टीम ने उसे पकड़ लिया।

करनाल में तूफान के कारण पेड़ टूटकर 2 गाड़ियों पर गिर गया। इससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं जींद में आंधी से 100 पेड़ गिर गए। इसके साथ 10 गांवों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही।

आंधी के दौरान विभिन्न कारणों से भड़की आग से सिरसा, झज्जर, कैथल, कुरुक्षेत्र, हिसार में 25 से ज्यादा गांवों में गेहूं की करीब 859 एकड़ फसल व फाने जलकर राख हो गए। कुरुक्षेत्र के पिहोवा में खेत में लगी आग की लपटें तेज हवा चलने के कारण घरों तक पहुंच गई। इस दौरान लोग घरों से निकलकर सड़क की तरफ चले गए।

हरियाणा के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म हिसार का बालसमंद रहा। जहां का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे ज्यादा गिरावट फरीदाबाद के तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। जिसके बाद अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा

Exit mobile version