हरियाणा में एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चंडीगढ़ केंद्र ने 20 से 22 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। तेज बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
प्रदेश में करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं हो रही थी। जिसके कारण गर्मी व उमस से लोगों का हाल बेहाल हो गया था। मौसम विभाग ने अब प्रदेश में 2 से 3 दिन तक अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। जिसके चलते मौसम भी सुहावना हो जाएगा।
20 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दो दिनों तक पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और जींद में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 21 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। वहीं, 24 और 25 जुलाई को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, ऐसे में प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

