Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 7 जिलों पर मौसम की मार: सिरसा में झमाझम बारिश, 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 26 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट

पंजाब के ऊपर बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण हरियाणा में अगले 3 दिन तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। मौसम विभाग की तरफ से आज 24 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली कड़कने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सिरसा जिले में आज सुबह बारिश हुई।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जैसे पश्चिमी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

वहीं, एक दिन पहले हरियाणा में मंगलवार को सिरसा के डबवाली, गुरुग्राम, नूंह और नारनौल में धूल भरी आंधी चली। इसके अलावा रेवाड़ी, गुरुग्राम, रोहतक और भिवानी में तेज बारिश हुई। इस बीच 25 जून से प्री मानसून एक्टिव होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 2.4°C की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से कम है। राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 39.1°C दर्ज किया गया। इसके अलावा सिरसा में 38.2°C और गुरुग्राम में 36.6°C तापमान रहा। वहीं दूसरी ओर प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 22.8°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात के समय मौसम सुहावना बना रहा।

आज 24 जून को उत्तर और मध्य हरियाणा में तेज हवाएं और अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है।

25 जून को उत्तरी जिलों अंबाला, यमुनानगर और अन्य स्थानों में बारिश की गतिविधियों में थोड़ी तेजी आ सकती है। मध्य हरियाणा में भी बादल बरसेंगे।

26 जून को मौसम में आंशिक बादलवाई रहेगी और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बौछारें गिर सकती हैं। दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

27 और 28 जून को मानसून की दस्तक से पहले मौसम एक बार फिर आमतौर पर शुष्क हो जाएगा। धूप निकलने से उमस और गर्मी का अहसास बढ़ सकता है।

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 26 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान हवाओं की दिशा बदलेगी और बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से तेज धूल भरी हवाएं चलने व कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की प्रबल संभावना है।

Exit mobile version