Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बदला मौसम, तापमान में आई गिरावट, सुबह-शाम ठंड में हुआ इजाफा

हरियाणा में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है. राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में औसतन 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि तापमान सामान्य के करीब ही बना हुआ है. राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, हिसार, करनाल, रोहतक, भिवानी और नारनौल में तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ. फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा.

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहने और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है. इसके असर से दिन के तापमान में हल्की कमी जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. डॉ. खीचड़ के अनुसार अगले कुछ दिनों के दौरान यानी 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क बना रहेगा. इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात का तापमान थोड़ा नीचे जाने की संभावना है. इसके साथ ही उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशाओं से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है और अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. अंबाला में अधिकतम तापमान 30 डिग्री, करनाल में 29.6 डिग्री, भिवानी में 27.2 डिग्री, जबकि गुरुग्राम में 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. नारनौल और रोहतक में तापमान सामान्य से करीब 4 से 5 डिग्री कम रहा, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की गई.
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में हरियाणा में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह के समय हल्की ठंडक और शाम के समय सुहावना मौसम बना रहेगा. किसानों के लिए यह मौसम अनुकूल बताया गया है. क्योंकि इस समय खेतों में रबी फसलों की तैयारी चल रही है. हल्की ठंड और साफ मौसम बुवाई के लिए अच्छा माना जाता है. कुल मिलाकर हरियाणा में तापमान में हल्की गिरावट और मौसम के बदलाव के साथ अब ठंड की आहट महसूस होने लगी है. अगले कुछ दिनों में मौसम साफ और शुष्क रहने के आसार हैं.

Exit mobile version