Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मौसम बदला:4 जिलों में बूंदाबांदी, अधिकतर जगह बादल छाए; 2 शहरों में धुंध

हरियाणा में मौसम बदल गया है। पलवल, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार रात को बूंदाबांदी हुई। कई जिलों में गुरुवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। नारनौल और चरखी दादरी में सुबह हल्की धुंध देखने को मिली।

मौसम विभाग ने 22 जनवरी से मौसम में बदलाव की संभावना जताई थी, लेकिन कल दिनभर अधिकतर जिलों में दोपहर को धूप निकली। हालांकि, रात होते-होते कुछ शहरों में बादल छा गए।

मौसम विभाग का मानना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कमजोर पड़ने से अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन अधिकतर स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। इससे दिन के तापमान में कुछ कमी आ सकती है।

24 जनवरी से उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रदेश में फिर से एक्टिव होंगी, इससे ठंड और बढ़ेगी। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट, शीतलहर के साथ कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति की संभावना बन रही है।

जनवरी में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। अब तक 3 पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में एक्टिव हो चुके हैं। 2 पश्चिमी विक्षोभ कमजोर आए, जिससे बूंदाबांदी हुई थी। अब हरियाणा में एक और पश्चिमी विक्षोभ आया है, लेकिन यह भी कमजोर स्थिति में है। इसके बावजूद जनवरी माह में हरियाणा में अब तक 49 प्रतिशत अधिक बारिश देखने को मिली है।

24 जनवरी से लेकर 27 जनवरी तक मौसम पूरी तरह से साफ रहने वाला है। लेकिन उसके बाद 28 और 29 जनवरी को बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की भी संभावना जताई जा रही हैं। बारिश के बाद फिर से सर्दी बढ़ सकती है।

फरीदाबाद में अगले 4 दिनों तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। शीत लहर के चलने से मौसम में नमी के चलते ठंड रहने वाली है

Exit mobile version