हरियाणा में अंरिंज अलर्ट के चलते अचानक हुए मौसम में बदलाव से हिसार, रोहतक, झन्जर, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल, यमुनानगर अम्बाला सहित कई जगहों पर तेज अंधड़ से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम ने इस तरह करवट ली कि दिन में अंधेरा छा गया। चंडीगढ़, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, अम्बाला सहित अन्य कुछ जगहों पर आंधी के साथ बारिश हुई। आंधी से कई जिलों में सड़कों पर पेड़ टूट कर गिर गए। बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अम्बाला में आंधी से एक घर की दीवार गिर गई। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए पश्चिमी, दक्षिणी व मध्य जिलों पर लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं दिन में हरियाणा के सिरसा, हिसार, नारनौल और रोहतक में तेज तपिश से लोग बेहाल रहे। सिरसा में इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दोपहर का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रोहतक में 45.3, नारनौल में 45.2, हिसार में 45, बालसमंद में 44.8. भिवानी में 44.7 डिग्री सैल्सियस तापमान रहा। इन सभी जगहों पर यह तापमान 2 से 5 डिग्री सैल्सियस सामान्य से ज्यादा तापमान रहा। भिवानी में रात्रि तापमान 33 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने वीरवार को लेकर कई जिलों में हीटवेव को लेकर अरिंज अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा के उत्तरी जिलों और पूर्वी जिलों कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, पानीपत, चंडीगढ़ और रात को एन.सी. आर. दिल्ली में तेज गति से हवाएं अंधड़ चलने और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और छिटपुट ओलावृष्टि से गर्मी और हीटवेव से आमजन को राहत मिली है। दूसरी तरफ हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में इस मौसम प्रणाली का असर देखने को नहीं मिल रहा, यहां सुबह से ही सूर्य देव की चटक चमकदार धूप से आसमान से आग बरसने से और पश्चिम दिशा से पश्चिमी उष्ण तीक्ष्ण शुष्क हवाएं चलने से सम्पूर्ण इलाके में लगातार तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है।
हरियाणा में 21, 23, 24 और 25 मई को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 26 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ तेज हवा (गति 40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।

