Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज से सक्रिय होगा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ:आसमान में छाए हल्के बादल, किसानों को होने लगी ओलावृष्टि की चिंता

हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। जिसके चलते सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। वहीं अब मौसम के बदलाव से किसानों को भी डर है। किसानों का कहना है कि इस समय मौसम में बदलाव से ओलावृष्टि होने की संभावना रहती है। इसलिए इन दिनों मौसम में बदलाव नहीं होना चाहिए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से यह बदलाव हुआ है।

जिला महेंद्रगढ़ में आज एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखा गया। मौसम के जानकारों के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज से सक्रिय होगा। जिसके कारण दो दिनों तक आसमान में बादल छाने तथा कहीं कहीं पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे पहले गत सोमवार को ही एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ था। जो मंगलवार सुबह आगे निकल गया था। जिसके कारण दिन का तापमान बढ़ने लग गया था। नारनौल में यह 28.5 डिग्री सेल्सियस पर चला गया था। वहीं बाद में फिर से तेज हवाएं चलने लगी थी। इसके कारण तापमान फिर से 23 डिग्री पर आ गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम में आए इस परिवर्तन के कारण लोगों को एक बार फिर से सर्दी का एहसास हुआ तथा सूर्य देव की चमक भी फीकी नजर आई। सुबह के समय आसमान में काफी बादल छा गए। वहीं दूर देखने पर हल्की धुंध भी दिखाई दे रही थी।

इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इससे दो दिन क्षेत्र में असर देखा जाएगा। इसके प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में भी उतार चढ़ाव होगा।

Exit mobile version