Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

‘तुम्हें नहीं मारेंगे, जाओ मोदी को बता दो…’, पहलगाम हमले में पति को मारने के बाद पत्नी से बोले आतंकी

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने टूरिस्टों पर हमला किया है। इस हमले में 26 नागरिकों की मौत हुई है। मरने वालों में दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 5 से 6 आतंकी थे, जिन्होंने पर्यटकों पर हमला किया। हमले की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ली और गृह मंत्री अमित शाह को कश्मीर जाने को कहा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कश्मीर पहुंच चुके हैं और उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

हमले की तस्वीर भी आ गई है जो काफी भयावह है। वहीं कई वीडियो भी सामने आए हैं। इस बीच एक पीड़िता का वीडियो आया है जो दिल दुखा देने वाला है। कर्नाटक के शिमोगा की रहने वाली पल्लवी, उनके पति मंजूनाथ और बेटे भी छुट्टियां मनाने के लिए पहलगाम गए थे। पल्लवी के पति मंजूनाथ की आतंकियों ने गोली मार कर हत्या कर दी।

पल्लवी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वह कह रही हैं कि हम आज सुबह ही पहलगाम पहुंचे थे और घूमते हुए बैसरन आए थे। पल्लवी ने बताया कि मैंने अपने पति को अपनी आंखों के सामने जमीन पर गिरते देखा। मुझे लगा मैं कोई बुरा सपना देख रही हूं। पल्लवी ने कहा कि आतंकी गोलियां बरसा रहे थे और उनकी संख्या करीब चार थी।

पल्लवी ने बताया कि मैंने आतंकियों से कहा कि मैं अब यहां क्या करूंगी, मुझे तो जीते जी मार दिया, अब मुझे भी मार दो। इस पर एक आतंकी ने कहा कि जाओ तुम्हें जिंदा छोड़ते हैं, जाकर मोदी को बता देना।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच चुके हैं। यहां पर वह उच्च अधिकारियों के साथ सिक्योरिटी मीटिंग करेंगे। आतंकियों के खिलाफ भारत कोई बड़ी कार्रवाई कर सकता है। हमले पर पीएम मोदी ने भी बयान दिया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, “मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक मंसूबा कभी कामयाब नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।

Exit mobile version