हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शादी के महज आठ महीने बाद 27 वर्षीय काजल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काजल का शव 4 अगस्त को सेक्टर-3 स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता हरपाल सिंह ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या करार देते हुए पति हरप्रीत सिंह, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जन्मदिन पर मायके वालों को बुलाने की नहीं मिली अनुमति
काजल का 29 जुलाई को जन्मदिन था। पिता हरपाल सिंह के अनुसार, शादी के बाद ससुराल में पहली बार उसका जन्मदिन मनाया जाना था। उस समय सास-ससुर ऑस्ट्रेलिया गए हुए थे, इसलिए काजल अपने मायके वालों को बुलाना चाहती थी। आरोप है कि पति हरप्रीत सिंह ने पहले पूरे परिवार और बाद में सिर्फ मां को बुलाने की अनुमति भी नहीं दी। इसके बाद काजल मायके चली गई थी और 4 अगस्त को ही समझाने के बाद वापस ससुराल लौटी थी।
पिता बोले- पैर बेड पर थे, यह आत्महत्या नहीं हो सकती
हरपाल सिंह का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचे तो काजल का शव फंदे पर लटका था, लेकिन उसके पैर बेड को छू रहे थे। उनका आरोप है कि पहले बेटी की हत्या की गई और बाद में उसे फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना से पहले आखिरी बार दोपहर में हुई थी बात
पिता के मुताबिक, काजल एक सप्ताह से मायके में थी और 4 अगस्त को ससुराल वापस नहीं जाना चाहती थी। परिवार के समझाने पर वह चली गई। दोपहर करीब 12:30 बजे उनकी उससे आखिरी बार बातचीत हुई थी, जो सामान्य रही। शाम को उसकी मौत की सूचना मिली।
पहले रिश्तेदार को दी सूचना, फिर मायके वालों को बताया
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद सबसे पहले हरप्रीत सिंह ने शाहाबाद में रहने वाले अपने रिश्तेदार को बुलाया। रिश्तेदार के पहुंचने के बाद ही मायके पक्ष को सूचना दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह आत्महत्या थी तो सबसे पहले बेटी के परिवार को सूचना क्यों नहीं दी गई।
HTET का पेपर दिया था, शिक्षक बनने का था सपना
हरपाल सिंह ने बताया कि काजल ने एमए और बीएड की पढ़ाई की थी। उसने हाल ही में HTET की परीक्षा भी दी थी और शिक्षक बनने का सपना देख रही थी। परीक्षा देने के लिए वह मायके आई थी, क्योंकि पति खुद को व्यस्त बताकर उसके साथ नहीं गया।
शादी के बाद नौकरी लगी, फिर बढ़ने लगीं मांगें
पिता का आरोप है कि हरप्रीत सिंह शादी से पहले बेरोजगार था। रिश्ता उसके चाचा के माध्यम से तय हुआ था। शादी के करीब 15 दिन बाद उसकी नौकरी हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Pollution Control Board) में एसडीओ के पद पर लगी। इसके बाद उसने बड़ी कार की मांग शुरू कर दी। पिता का यह भी आरोप है कि शादी में कार के लिए 8 लाख रुपये दिए गए थे। साथ ही उन्होंने हरप्रीत पर दूसरी युवती से संबंध होने का भी आरोप लगाया है।
अस्पताल में ननद ने कहा- कोई प्लानिंग नहीं की
काजल की मौत के बाद अस्पताल पहुंची उसकी ननद यास्मीन ने हरपाल सिंह को समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि “हमने कोई प्लानिंग नहीं की।” हालांकि हरपाल सिंह लगातार इसे हत्या बताते रहे। दोनों के बीच इस मुद्दे पर काफी देर तक बातचीत होती रही।
नैपकिन पर मिला अंग्रेजी में लिखा संदेश
घटना के बाद पुलिस को घर से एक नैपकिन मिला, जिस पर अंग्रेजी में “I M NOT WELL, SORRY” लिखा हुआ था। पुलिस ने नैपकिन को कब्जे में लेकर उसकी हैंडराइटिंग जांच कराने का निर्णय लिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लिखावट काजल की है या किसी अन्य व्यक्ति की।
पति और सास-ससुर पर केस दर्ज
थाना सदर थानेसर पुलिस ने मृतका के पति हरप्रीत सिंह और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों, नैपकिन पर लिखे संदेश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल जांच जारी है।
