गणेश महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम, मुख्यमंत्री नायब सिंह
सैनी व राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने किए गणपति दर्शन
कैबिनेट मंत्री आरती राव भी हुईं शामिल, भगवान श्री गणेश की आरती कर लिया आशीर्वाद
हनुमान लीला, काली लीला के नौ स्वरूप और सुंदरकांड ने मोहा मन, भजन-जैमिंग में झूमे श्रद्धालु
कैलाश खेर की भक्तिमय प्रस्तुति से सजी शाम, अथर्व बैंड और ध्वज अरोड़ा ने भी बांधा समां
फरीदाबाद, 15 सितंबर 2026। उत्तर भारत के सबसे बड़े गणेश महोत्सव 2026 के द्वितीय दिवस पर सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एंड बैंक्वेट में आस्था, भक्ति, संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष तथा हरियाणा सरकार की कैबिनेट मंत्री सुश्री आरती राव ने महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन एवं पूजन-अर्चन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महोत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से आरती के साथ हुई। आरती के दौरान पूरा पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद प्रस्तुत की गई भव्य धार्मिक झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके पश्चात कलाकारों द्वारा हनुमान लीला की भक्तिमय प्रस्तुति दी गई। भगवान हनुमान की लीला के मंचन ने श्रद्धालुओं को भक्ति से सराबोर कर दिया। इसके बाद आयोजित भजन-जैमिंग में श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए।
महोत्सव में मां काली के नौ स्वरूपों पर आधारित काली लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मां भगवती के अलग-अलग स्वरूपों की प्रस्तुति ने आयोजन स्थल पर शक्ति और भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित किया।
इसके बाद ध्वज अरोड़ा ने अपने भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
द्वितीय दिवस पर शैली खत्री जी द्वारा सुंदरकांड पाठ की विशेष प्रस्तुति हुई। सुंदरकांड की चौपाइयों और भक्तिमय गायन के बीच बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण किया। पूरे आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इसके बाद अथर्व बैंड ने मंच संभाला और भजन-जैमिंग के माध्यम से गणपति भक्ति का रंग और गहरा कर दिया। बैंड की ऊर्जावान प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।
द्वितीय दिवस की संगीतमय शाम का प्रमुख आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति रही। कैलाश खेर ने अपने लोकप्रिय एवं भक्तिमय गीतों से ऐसा समां बांधा कि पूरा आयोजन स्थल संगीत और भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने उनकी प्रस्तुति का आनंद लिया और देर तक आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष और कैबिनेट मंत्री आरती राव की गरिमामयी उपस्थिति ने महोत्सव की भव्यता को और बढ़ाया। विशिष्ट अतिथियों ने भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया और आयोजन में सहभागिता की।
तीन दिवसीय गणेश महोत्सव 2026 का आयोजन 14 से 16 सितंबर तक सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एंड बैंक्वेट, फरीदाबाद में किया जा रहा है। महोत्सव की मेजबानी हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल एवं पल्लवी गोयल द्वारा की जा रही है।
महोत्सव का 16 सितंबर को अंतिम दिन होगा। भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और आरती के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद भव्य गणेश विसर्जन के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का भक्तिमय समापन होगा।


विपुल के गणेश…
आशीर्वाद लेने पहुँचे मुख्यमंत्री सैनी, राज्यपाल घोष, कैबिनेट मंत्री आरती राव व अन्य


