Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन बंद, अब से हर भक्त को लगना होगा लाइन में

वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से जुड़ी एक अहम खबर आई है।  अब यहां वीआईपी कल्चर (विशेष प्रवेश/वीआईपी दर्शन) को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब यहां कोई  वीआईपी पास या खास प्रवेश नहीं मिलेगा।सभी भक्त एक समान लाइन में खड़े होकर दर्शन करेंगे। जो भक्त मंदिर नहीं जा सकते वह लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए ऑनलाइन दर्शन कर पाएंगे।

दरअसल ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी ने गुरुवार शाम हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।  कमेटी ने मंदिर के दर्शन का समय भी बढ़ा दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। दर्शनों की लाइव स्ट्रीमिंग भी मंदिर के बाहर कराई जाएगी। बैठक में  दर्शन में सबसे बड़ी बाधा वीआईपी दर्शन की व्यवस्था को माना गया। कहा गया कि सौ रुपये में वीआईपी दर्शन के लिए पर्ची मिलती है, इससे दिक्कत बढ़ रही है।

इस पर कमेटी ने तय किया कि वीआईपी दर्शन पर्ची सिस्टम पूरी तरह बंद होगा। वीआईपी कटहरा भी हटाया जाएगा। इसके साथ ही दर्शन का समय बढ़ेगा – ताकि ज़्यादा से ज़्यादा श्रद्धालु भगवान बांके बिहारी के दर्शन कर सकें। हालांकि कुछ सेवादारों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कि जो भी श्रद्धालु सेवा कराते हैं वह आराम से दर्शन करना चाहते हैं।

मंदिर में अक्सर अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था की शिकायतें आती थीं। वीआईपी एंट्री के कारण आम श्रद्धालुओं को असुविधा होती थी। अब सभी को समान अवसर और सुविधा मिलेगी। इससे भक्तों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित भी होगी। वहीं ऑनलाइन लाइव दर्शन से दूर-दराज़ बैठे लोग भी जुड़ सकेंगे। मंदिर का माहौल और भी अनुशासित और भक्तिमय बनेगा।

गर्मियों में प्रातः 7 बजे से 7:15 बजे तक आरती, 7:15 बजे से दर्शन चालू हो जाएंगे तथा 12:30 तक होंगे, उसके बाद 12:30 से 12:45 तक आरती होगी। शाम को मंदिर में 4:15 से 9:30 बजे तक दर्शन होंगे तथा 9:30 से 9:45 तक आरती होगी।  सर्दियों में प्रातः 8:00 से 8:15 बजे तक आरती, 8:15 से 1:30 बजे तक दर्शन तथा 1:30 से 1:45 तक आरती होगी। शाम को 4 से 9 बजे तक दर्शन तथा 9 से 9:15 तक आरती होगी।

Exit mobile version