Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

विनेश फोगाट का बृजभूषण पर बड़ा हमला: ‘गुंडा-बदमाश’ बताते हुए लगाए गंभीर आरोप

ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर एक बार फिर निशाना साधा है। विनेश ने कहा- बृजभूषण गुंडा और बदमाश है। उसने पैसे के दम पर लड़कियों पर अत्याचार किए हैं।

विनेश यहीं नहीं रुकी और मीडियाकर्मियों से कहा कि बृजभूषण को इतनी इज्जत मत दो। उसने गोंडा में लोगों की जमीन कब्जाई हुई है। वह आज भी लड़कियों का शोषण कर रहा है। भाजपा में रहकर ही ये सब किया जा रहा है।

उस पर इतना पैसा कहां से आया? हेलीकॉप्टर में बैठकर उड़ता है। इस पैसे की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, अब इस पूरे मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा। 3 अगस्त को यौन शोषण से जुड़े मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृजभूषण को बरी किया था।

विनेश फोगाट मंगलवार को जींद में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में आई थीं। यहां उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा, महिला पहलवानों के शोषण का मामला कोर्ट में चल रहा है। अब उसके बारे में ज्यादा नहीं बोल सकते। आगे सुप्रीम कोर्ट तक भी लड़ाई जाएगी तो हम उसे लड़ेंगे। हम पीछे हटने वाले नहीं है।

मीडियाकर्मी ने जैसे ही बृजभूषण का नाम लिया, विनेश भड़क गईं। उन्होंने कहा, अरे छोड़ो ना उसको। कौन है बृजभूषण…एक गुंडा बदमाश। गोंडा में लोग सताए हुए हैं। पैसे के बल पर ही उसने ये अत्याचार किए हैं। आज भी ऐसा ही हो रहा है।

जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश ने कहा कि RSS कार्यालयों पर लंबे समय तक तिरंगा नहीं फहराया गया, और आज वे लोग तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं। ऐसी यात्राओं के बाद राष्ट्रीय ध्वज सड़कों पर पैरों तले दिखाई देता है। उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले पर उन्होंने कहा, क्या दलित समाज के बड़े नेताओं को किसी स्थान पर जाने का हक नहीं है।

Exit mobile version