Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में ग्रामीणों ने सहकारी बैंक के बाहर किया हंगामा : बैंक के मैनेजर पर 98 लाख का इंश्योरेंस क्लेम हड़पने का लगाया आरोप; SHO ने दोनों पक्षों को शांत कराया

रोहतक के गांव बलंभा स्थित सहकारी बैंक पर ग्रामीणों ने ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मैनेजर ने मिलीभगत कर 800 लोगों के इंश्योरेंस क्लेम के 98 लाख हड़प लिए। इस दौरान बैंक स्टाफ और ग्रामीणों में जमकर हंगामा हुआ। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। महम थाना के SHO ने दोनों पक्षों को शांत कराया।साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह लिखित में शिकायत दें। उसके आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद ग्रामीणों ने बैंक का ताला खोल दिया।

बुधवार को ग्रामीण बलंभा के सहकारी बैंक के बाहर एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे सहकारी बैंक शाखा से बीमा करवाते हैं। साल 2017 में करीब 800-900 किसानों के एक करोड़ 37 लाख से अधिक का बीमा क्लेम के पैसे आए थे। उनका आरोप है कि बैंक शाखा मैनेजर अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर किसानों के इन पैसे को हड़पना चाहते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे हड़पने के लिए कुछ किसानों को पैसा बांट दिया गया, लेकिन करीब 98 लाख रुपए का कोई हिसाब मैनेजर नहीं दे रहा। ग्रामीणों ने कहा बैंक मैनेजर पहले भी 37 लाख रुपए के गबन का आरोपी है। जो कुछ समय पहले ही बहाल हुए हैं। अब फिर से किसानों के इंश्योरेंस का 98 लाख रुपए का गबन करना चाहता है।ग्रामीणों ने कहा कि अगर बैंक प्रबंधक के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें पैसा नहीं मिला तो वे DC से मिलेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह मामला लाया जाएगा।

महम थाना के SHO रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बैंक मैनेजर के साथ किसानों और ग्रामीणों का इंश्योरेंस क्लेम को लेकर अनबन हुई है। मौके पर आकर दोनों पक्षों को शांत करवाया और उन्हें थाने में बुलाया गया है। जहां पर दोनों पक्षों को सुना जाएगा। जिसके बाद आगामी कार्रवाई होगी।

Exit mobile version