Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भाखड़ा पाइपलाइन को ग्रामीणों ने उखाड़ने की कोशिश …हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर पहुंचेमौके पर भारी पुलिस बल तैनात

हरियाणा के हांसी क्षेत्र के चैनत गांव में सोमवार को राजली-हांसी भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को लेकर विवाद बढ़ गया। पिछले 17 दिनों से धरना दे रहे ग्रामीण हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और पाइपलाइन को उखाड़ने का प्रयास किया। हालांकि पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने में सफल न होने पर ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड पर बड़े पाइप डालकर जाम लगा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश खोथ, डीएसपी रविंद्र सांगवान, सदर थाना प्रभारी सदानंद समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव से होकर गुजर रही भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से चैनत गांव को भी पानी का कनेक्शन दिया जाए। इस मांग को लेकर वे पिछले 17 दिनों से धरना दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे पाइपलाइन उखाड़ देंगे।

क्या है राजली-हांसी पेयजल पाइपलाइन परियोजना?

राजली-हांसी पेयजल पाइपलाइन परियोजना के तहत बरवाला के गांव राजली स्थित राजली भाखड़ा हेड से हांसी शहर तक करीब 30 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। लगभग 80 करोड़ रुपए की लागत वाली यह परियोजना केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य हांसी शहर में पेयजल संकट को दूर करना है।

निर्माण कार्य फिलहाल राजली से चैनत गांव तक पहुंच चुका है और आगे इसे हांसी तक ले जाया जाना है। लेकिन चैनत के ग्रामीणों की मांग है कि जब पाइपलाइन उनके गांव से होकर गुजर रही है तो उन्हें भी इससे पेयजल सुविधा का लाभ मिलना चाहिए।

वहीं प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना विशेष रूप से हांसी शहर की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार की गई है। इसलिए मौजूदा योजना के तहत गांव को इस पाइपलाइन से पानी उपलब्ध कराना संभव नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है।

Exit mobile version