Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ग्राम सचिव की पत्नी ने किया सुसाइड- घर में फंदे पर लटकी मिली, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

जिला के सदर थाना क्षेत्र के गांव मुंडियाखेड़ा में शनिवार की शाम को धारूहेड़ा खंड में बतौर ग्राम सचिव कार्यरत नवीन कुमार की पत्नी संदिग्ध हालात में अपने घर में ही फंदे पर लटकी मिली। घटना के समय परिवार की महिलाएं नीचे के मकान में थी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया और रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। उधर घटना के बाद सुबह अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या करके शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार गांव मुंडियाखेड़ा निवासी ग्राम सचिव नवीन कुमार की शादी वर्ष 2009 में शहर के गुलाबी बाग निवासी रेणु के साथ हुई थी। शनिवार दोपहर को नवीन आवश्यक काम से खंड कार्यालय में गए हुए थे। वहीं राजस्थान रोडवेज से रिटायर्ड इनके पिता भी कहीं बाहर गांव गए हुए थे। घर पर इनकी मां के अलावा केवल पत्नी थी।

दोपहर के बाद रेणु अपने चौबारे पर बने कमरे में चली गई थी। शाम को जब वह काफी समय तक वापस नहीं आई तो परिजन ऊपर गए तो कमरा अंदर से बंद मिला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने नवीन को इसकी जानकारी दी। तत्पश्चात परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और अंदर देखा तो रेणु ने फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रविवार सुबह मृतका के मायका पक्ष के अलावा अन्य रिश्तेदारियों से लोग पहुंच गए और उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों ने कहा कि ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को उठाने से मना कर दिया। इसके बाद साथ अन्य लोगों के साथ पुलिसकर्मियों ने मायका पक्ष के लोगों को समझाकर शांत किया।

बाद में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में सामान्य कार्रवाई की गई है और अभी विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। इस रिपोर्ट के पश्चात ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी प्रधान महिला सिपाही पूनम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सुसाइड का है। रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई होगी।

Exit mobile version