हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीएम पद पर स्वयं की ज्वाइनिंग करते ही प्रदेश के 25 हजार युवाओं को भी ग्रुप-सी व ग्रुप-डी की नौकरी पर ज्वाइन करवाया है। कहीं सगी बहनों की सरकारी नौकरी लगी तो कहीं दोस्तों को नौकरी का तोहफा मिला है। नौकरी पाने वाले सभी युवा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनकी नीतियों की प्रशंसा कर रहे हैं और आभार जता रहे हैं।
करनाल शहर के वसंत विहार में रहने वाली दो सगी बहनों का एचएसएससी के तहत ग्रुप-सी में चयन हुआ है। एक बहन बिजली बोर्ड में जेई लगी है तो दूसरी का चयन शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर हुआ है। मधु जेई के पद पर चुनी गई तो दूसरी बहन रोजी का चयन शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर हुआ है। वह बताती हैं कि दोनों 2019 से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही हैं। इससे पहले कई प्रतियोगी परीक्षाएं दी लेकिन चयन नहीं हुआ। दोनों ने तैयारी जारी रखी और आखिर में मेहनत रंग लाई। इत्तेफाक ही कहेंगे कि इस बार जब एचएसएससी ने रिजल्ट जारी किया तो दोनों की नौकरी लग गई। उन्होंने कहा कि परिवार में खुशी का माहौल है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी मिली है। माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बहुत बहुत धन्यवाद है। उन्हीं की नीतियों की बदौलत नौकरी मिली। मां भारती देवी ने भी मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया है।
हरियाणा में कैथल जिले के डीग गांव के एक साथ 55 युवाओं की सरकारी नौकरी लगी है। एक दिन पहले नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) ने ग्रुप C-D का रिजल्ट जारी किया था। एक साथ 55 युवाओं का सिलेक्शन होने पर HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने शुक्रवार को डीग गांव के सरपंच प्रतिनिधि रोहताश नैन से फोन पर बात की।
हिम्मत सिंह ने सरपंच प्रतिनिधि को बधाई दी और सिलेक्ट हुए बच्चों से भी बात की। साथ ही सरपंच को गांव के अन्य बच्चों को भी प्रेरित करने को कहा।
रोहताश नैन ने कहा- हमारे गांव के 55 बच्चे सरकारी नौकरी पर लगे हैं। हमारे यहां बहुत खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वादा किया था कि मैं शपथ के साथ ही रिजल्ट जारी करूंगा। इससे पहले भी इस गांव से करीब 350 बच्चे सरकारी नौकरी पर लगे थे। जो बच्चे नौकरी से रह गए हैं, वह आने वाले समय में जरूर लगेंगे।
हरियाणा सरकार द्वारा जारी परिणामों के बाद रोहतक जिले के अनेक युवाओं को नौकरी लगी है। महम कस्बे से 35 से अधिक युवाओं को जॉब मिली। जबकि गांव चिड़ी, किलोई और खरकड़ा में 20-20 से ज्यादा युवा सिलेक्ट हुए हैं। बता दें कि भाजपा सरकार बनने और नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) ने ग्रुप C-D का रिजल्ट जारी किया था। जिसके तहत 25 हजार युवाओं का चयन हुआ।
गांव चिड़ी के 20 से अधिक बच्चों की लगी नौकरी
गांव ककराना के 8 बच्चों को मिली सरकारी नौकरी
गांव किलोई के 20 अधिक बच्चों का सलेक्शन
महम कस्बे के 35 से अधिक युवाओं को मिली नौकरी
