हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए कई मामलों में तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में 16 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें हत्या, महिला उत्पीड़न, नकली दूध डेयरी, क्रिप्टो धोखाधड़ी और परिवार पहचान पत्र में गड़बड़ी जैसे गंभीर मुद्दे शामिल थे।
पांच साल पुराने एक हत्या केस में आरोपी के विदेश भाग जाने पर विज ने नाराजगी जताते हुए सीबीआई जांच की सिफारिश करने को कहा। वहीं अश्लील चैट पर पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया।
नकली दूध की शिकायत में तीन सैंपल फेल पाए जाने पर मिनिस्टर ने डेयरी को तुरंत सील करने का निर्देश दिया। कई मामलों में मौके पर ही कमेटियां गठित की गईं और छापेमारी के आदेश दिए गए। विज ने कहा कि न्याय में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एक अन्य मामले में एक मां ने अपनी बेटी को राहुल और सौरभ द्वारा भेजे गए अश्लील संदेशों पर पुलिस की निष्क्रियता की शिकायत की। चैट दिखाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर विज ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया। कांगथली में नकली दूध डेयरी से संबंधित सरपंचों की शिकायत पर तीन सैंपल फेल पाए गए। मंत्री विज ने अतिरिक्त मुख्य सचिव से फोन पर बात कर डेयरी को सील करने का आदेश दिया, यह कहते हुए कि “स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
