हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत पीजीआईएमएस रोहतक में सफलतापूर्वक हुए अंगदान अभियानों के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और पीजीआईएमएस द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मीडिया और समाज को मिलकर कार्य करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंगदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और पीजीआईएमएस लगातार इस दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है।
इस दौरान हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया, जिलाध्यक्ष मनोज वर्मा, जिला सचिव पायल आहूजा सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
