Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा ने DC-SP संग महिला सुरक्षा व अन्य मुद्दों पर की चर्चा


रोहतक, 3 सितंबर : हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार ने उपायुक्त सतबीर सिंह तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित से अलग-अलग मुलाकात कर महिला सुरक्षा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, नशीले पदार्थों की बिक्री, कार्यालयों में आंतरिक शिकायत समिति के गठन व अन्य मुद्दों बारे विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के प्रति प्रयासरत है।
उपाध्यक्षा मीना परमार ने सर्वप्रथम उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त सतबीर सिंह के साथ महिलाओं से जुड़े हुए मुद्दों पर चर्चा की। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों को सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना तथा यौन उत्पीडऩ से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया जा रहा है।
मीना परमार ने इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित के साथ महिलाओं के विरुद्ध अपराध, पॉक्सो अधिनियम के मामलों, नशीले पदार्थों की रोकथाम, घरेलू हिंसा आदि मुद्दों पर विचार विमर्श किया। उन्होंने जिला महिला पुलिस थाना में महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई व जांच बारे भी विचार विमर्श किया।  
आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार ने अधिकारियों की बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालयों में आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया जाये तथा इनके सदस्यों को प्रशिक्षण दिलवाया जाये। उन्होंने कहा कि इन समितियों में शामिल सदस्यों की सूची का कार्यालयों में चस्पा किया जाये। नागरिकों की समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाये। सभी अधिकारी सरकार की छवि को बेहतर बनाने के लिए आपसी तालमेल से कार्य करें। उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने आश्वासन देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोग की सभी हिदायतों की अनुपालना सुनिश्चित करवाई जायेगी तथा इन समितियों का गठन करवाकर प्रशिक्षण भी दिलवाया जायेगा।
मीना परमार ने इसके उपरांत वन स्टॉप सेंटर अर्थात सखी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस केंद्र पर महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं बारे जानकारी ली तथा इस केंद्र में आश्रय लेने वाली लड़कियों एवं महिलाओं तथा आगंतुकों के रिकॉर्ड को जांचा। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय महिला पुलिस थाना का निरीक्षण किया तथा थाना प्रभारी के साथ महिलाओं के मामलों के निपटारे बारे व्यापक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के दृष्टिगत महिला पुलिस थाने स्थापित किये गए है। इन पुलिस थानों में सभी कर्मचारी महिला तैनात की गई है ताकि महिलाएं निसंकोच अपनी बात रख सकें।
आयोग उपाध्यक्षा मीना परमार ने जिला जेल का निरीक्षण किया तथा जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, महिला पुलिस थाना प्रभारी मीना, जिला संरक्षण अधिकारी करमिंद्र कौर, भाजपा के प्रतिनिधियों में नितिन जैन, संगीता सिंगला, डॉ. अंकुश बिड्डू, शिवकुमार परमार सहित आयोग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो : 05 से 10
0 0 0 0 0 0 0 0 0

Exit mobile version