Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सपना चौधरी के बचाव में उतरे वीर साहू…बोले- खाप के मंच से निजी खुंदक निकालना गलत


हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनके पति और सिंगर वीर साहू पहली बार खुलकर सामने आए हैं। रोहतक के महम चौबीसी में आयोजित खाप पंचायत के बाद वीर साहू ने कहा कि खाप के मंच का इस्तेमाल किसी की निजी दुश्मनी या राजनीतिक मकसद के लिए नहीं होना चाहिए।

वीर साहू ने कहा, “महम चौबीसी के चबूतरे की अपनी मर्यादा है। यहां आकर अगर कोई निजी खुंदक निकालता है, तो उससे ज्यादा जलील आदमी कोई नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र हुड्डा को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन भाषा की मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी धर्मेंद्र हुड्डा से कोई निजी बातचीत या संपर्क नहीं है।

सपना पर टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब जाट आंदोलन मामलों में भगोड़े बताए जा रहे धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सपना चौधरी पर हरियाणा में अश्लीलता फैलाने जैसे आरोप लगाए। वीडियो में उन्होंने कई विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। इसके बाद इस मुद्दे पर महम में खाप पंचायत आयोजित की गई।

‘हमारा रिश्ता निजी मामला’

वीर साहू ने अपने और सपना चौधरी के रिश्ते पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच होने वाले मतभेद निजी होते हैं और उन्हें सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमारे बीच प्यार हो, विवाद हो या कोई और बात, वह हमारा निजी मामला है। महादेव और पार्वती के बीच भी मतभेद होते थे।”

युवाओं की बात भी सुनी जाए

वीर साहू ने कहा कि पंचायतों का उद्देश्य समाज को सही दिशा देना है, लेकिन युवाओं को भी अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए। उनके अनुसार, कई युवा अपनी बात न रख पाने की वजह से पंचायत छोड़कर चले गए।

सपना ने पहले कोर्ट का लिया था सहारा

इससे पहले सपना चौधरी ने दिल्ली की द्वारका कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दायर की थी। अदालत ने अंतरिम आदेश में वीर साहू को सपना से किसी भी माध्यम से संपर्क न करने और उनके घर या कार्यस्थल के आसपास न जाने का निर्देश दिया था। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

नोट: धर्मेंद्र हुड्डा द्वारा सपना चौधरी पर लगाए गए आरोप उनके व्यक्तिगत दावे हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और सपना चौधरी की ओर से उन्हें लेकर अलग पक्ष भी सामने आया है।

Exit mobile version