Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित, खराब मौसम के चलते फैसला

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए माता वैष्णो देवी की यात्रा को एहतियातन कुछ समय के लिए रोक दिया गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने नए पंजीकरण को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्रा को सामान्य तरीके से आगे बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा.

श्राइन बोर्ड के मुताबिक, जिन श्रद्धालुओं ने पहले से पंजीकरण करा रखा है और उनके पास वैध RFID कार्ड हैं, उन्हें मौसम की स्थिति और प्रशासन के निर्देशों के आधार पर यात्रा की अनुमति दी जा रही है. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें और किसी भी तरह का अनावश्यक जोखिम न लें.

लगातार बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. इसी के तहत श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन ने महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग को भी एहतियातन बंद कर दिया है. श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.

खराब मौसम का असर वैष्णो देवी की हेलीकॉप्टर सेवा पर भी पड़ा है. बुधवार को मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित रही. मौसम साफ होने और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद ही सेवा को दोबारा शुरू किया जाएगा.

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए श्राइन बोर्ड की टीमें, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस और CRPF के जवान अलग-अलग स्थानों पर तैनात हैं. सभी टीमें मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.

बुधवार दोपहर 3 बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे. वहीं, श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी लगातार जारी रहा. हालांकि प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए संयम बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें.

Exit mobile version