Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक पब्लिक हेल्थ ऑफिस में पानी पर बवाल:समस्या लेकर पहुंचे लोगों ने धक्के मारने का आरोप लगाया; सोनीपत रोड जाम किया

रोहतक में सोनीपत रोड स्थित पब्लिक हेल्थ कार्यालय में सोमवार को पीने के पानी को लेकर बवाल हो गया। सलारा मोहल्ला के लोग पीने के पानी की समस्या को लेकर ऑफिस में गए थे। जहां अधिकारियों के साथ उनकी तनातनी हो गई और काफी देर तक हंगामा चला।

लोगों का आरोप है कि अधिकारियों ने उनकी सुनवाई करने की बजाय, उनको धक्के मारे। जिसके कारण गुस्साई महिलाओं और पुरुषों ने सोनीपत रोड पर जाम लगा दिया। हालांकि जाम को जल्दी ही खुलवा दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले उनके यहां एक सप्ताह में पानी का टैंकर आता था, लेकिन अब 15 दिन से ज्यादा का समय हो गया है, पानी का टैंकर नहीं आया है।

महिला इंद्रावती और संतोष ने कहा कि पानी का टैंकर न आने से कॉलोनी वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वर्षों से यहां पीने के पानी की समस्या है। स्थिति यह है कि घरों में पीने लायक पानी नहीं है। जो पानी रहता है, उसमें कीड़े पड़ चुके हैं, जिसे पिया नहीं जा सकता। अधिकारियों से भी कई दफा मिल चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

सुनीता ने कहा कि उनके यहां पानी की समस्या चल रही है। उनके घरों में पानी की लाइनों से सप्लाई आनी चाहिए ताकि लोगों को पीने के पानी की परेशानी न रहे। 7 या 10 दिन में पानी का टैंकर आता था, लेकिन सप्लाई का पानी आना चाहिए। 600 रुपए में पानी का टैंकर मंगवाना पड़ता है।

Exit mobile version