Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ में कुर्सी को लेकर बवाल, दो गुटों में मारपीट

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ में अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को खुलकर सामने आ गया। संघ के कार्यालय में कुर्सी को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे विवाद के बीच नीलकंठ गुट बुधवार सुबह संघ कार्यालय पहुंचा और अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठ गया। इसके बाद वर्तमान अध्यक्ष राजवंत कौर और उनके समर्थक भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों गुटों के सदस्य भी आपस में भिड़ गए, जिससे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि नीलकंठ गुट का दावा है कि अध्यक्ष का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है और नए चुनाव नहीं कराए गए हैं। वहीं राजवंत कौर गुट स्वयं को निर्वाचित पदाधिकारी बताते हुए अपना दावा बरकरार रखे हुए है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों के पदाधिकारियों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version