पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस के मुख्य आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने एक इंटरव्यू में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बिश्नोई इस समय पंजाब की भठिंडा जेल में कैद है। दावा किया जा रहा है कि जेल से ही उसने यह इंटरव्यू दिया है। इस दौरान उसने सिंगर की हत्या से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने मूसेवाला की हत्या की प्लानिंग से लेकर बॉलीवुड एक्टर सलमान को धमकी देने को लेकर भी बात की।
इंटरव्यू में उसने बताया कि गोल्डी बरार ने सिद्धू मूसेवाला का मर्डर करवाया था, जिसकी प्लानिंग एक साल से चल रही थी। उसने यह भी बताया कि वह मूसेवाला से खफा था। उसने आगे कहा, “मैं, जिन्हें अपना बड़ा भाई मानता था, उनके मर्डर में मूसेवाला की इनवोल्वमेंट थी और वह हमारे एंटी गैंग को सपोर्ट करता था। इसकी नेताओं से भी अच्छी जान-पहचान थी, तो ये हमारे विरोधी समूहों को हमारे खिलाफ मजबूत कर रहा था। उसे मारने की प्लानिंग मेरी नहीं थी, वो सचिन और गोल्डी बरार की थी। मुझे पता जरूर था, लेकिन मेरा इसमें कोई इनवोल्वमेंट नहीं था।” मूसेवाला को गोली मारने की सवाल पर उसने कहा कि भाईयों का दर्द था, जो बाहर भाई थे उन्होंने जो भी किया वो एक्शन का रिएक्शन था। उसने कहा कि मूसेवाला को मारकर गुरुलाल और विक्की की मौत का बदला लिया है। जिन लोगों ने इनकी हत्या की थी मूसेवाला उनके साथ घूमता था और उन्हें बचाता था।
सलमान खान को मारने की धमकी को लेकर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा कि सलमान खान काले हिरण को मारने के मामले में हमारे समाज के लोगों से आकर माफी मांग लें, नहीं तो उनका भी ठोस जवाब दिया जाएगा। उसने कहा, “सलमान खान ने हमारे समाज से अब तक माफी नहीं मांगी है। मेरे मन में उनके लिए बचपन से गुस्सा है। कभी न कभी हम उनका अंहकार तोड़ देंगे। उन्हें हमारे देवता के मंदिर में आकर माफी मांगनी होगी। उन्होंने हमारे समाज के लोगों को पैसे भी ऑफर किए थे। हम सलमान खान को शोहरत के लिए नहीं बल्कि मकसद के लिए मारेंगे।” उसने कहा कि अगर हमें सलमान के जरिए शोहरत चाहिए होती तो, शाहरूख खान को गोली मार देते उनके साथ भी कोई गनमैन नहीं होता है। उसने कहा कि हम फिल्म इंडस्ट्री के किसी भी व्यक्ति को गोली मार सकते थे, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। सलमान ने हमारे समाज को नुकसान पहुंचाया है और हमारा उनसे विरोध है।
बिश्नोई ने खुद को राष्ट्रवादी बताते हुए कहा कि मैं पाकिस्तान और खालिस्तान दोनों के खिलाफ हूं। उसने कहा, “मैं सिद्धू की तरह नहीं हूं, मैं तो पाकिस्तान के भी खिलाफ हूं और खालिस्तान के भी खिलाफ हूं।” उसने कहा कि मैं एक राष्ट्रवादी आदमी हूं, मैं देशभक्त हूं, मैं ही नहीं मेरी गैंग के सभी लोग देशभक्त हैं। जो देश के खिलाफ हैं, हम उनके खिलाफ हैं।
इंरव्यू में उसने यह भी बताया कि कैसे वह अपराध की दुनिया में आया। उसने कहा कि उसे जबरन गैंगस्टर बनाया गया है और वह एक लॉ स्टूडेंट था। उसने कहा कि वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट पॉलिटिक्स में सक्रिय था, तभी विरोधियों से एक झगड़े में पुलिस ने उसे जेल में ड़ाल दिया था, तब से जेल में ही है। उसने कहा कि उसको जेल में 9 साल हो गए हैं और अभी तक एक भी केस में उस पर दोष साबित नहीं हुआ है। उसने कहा कि जेल में जब डाला गया तो, स्टूडेंट लिखकर भेजा गया था, लेकिन जेल में उसे गैंगस्टर बना दिया गया। उसने कहा कि विरोधियों ने उसके कई अपने लोगों को मारा, जिनका बदला लेने के लिए हथियार उठाए क्योंकि पुलिस ने कुछ नहीं किया।
लॉरेंस बिश्नोई के इस इंटरव्यू के बाद सवाल उठ रहा है कि उसने जेल से इंटरव्यू कैसे दिया। इस पर पंजाब सरकार का कहना है कि यह इंटरव्यू पंजाब की जेल का नहीं है। एक अधिकारी ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई हाई सिक्योरिटी जोन में है, जहां उस पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पंजाब जेल प्रशासन की छवि खराब करने वाली फर्जी खबरें फैलाता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लॉरेंस के इंटरव्यू के बाद विरोधियों ने पंजाब सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। उन्होंने पंजाब की जेलों और राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
विपक्षी दलों ने कहा है कि AAP ने अपनी मिलीभगत से ध्यान हटाने के लिए गैंगस्टर को इंटरव्यू की सुनियोजित सुविधा प्रदान की है। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने यहां तक कहा कि गैंगस्टर ने राज्य की जेल से लॉरेंस, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग और भगवंत मान की साठगांठ का खुलासा किया है।
बादल ने सवाल खड़ा किया कि यहां कौन सुरक्षित है व कौन भ्रष्ट?। पंजाब की कानून व्यवस्था की स्थिति किस हद तक बिगड़ चुकी है। भगवंत मान को बतौर CM बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने जेल मंत्री होने के नाते उनसे इस्तीफे की मांग की है।
बठिंडा सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट एनडी नेगी ने कहा कि लॉरेंस बठिंडा जेल में है। उन्होंने जेल परिसर में जैमर लगे होने और हाई सिक्योरिटी होने की बात कही। साथ ही कहा कि अलग-अलग जांच एजेंसियों द्वारा लॉरेंस को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाया रहता है। उन्होंने लॉरेंस की सार्वजनिक हुई वीडियो को बठिंडा या पंजाब की किसी अन्य जेल का नहीं होने का दावा किया। वीडियो को पुराना बताते हुए कहा कि यह किसी द्वारा कभी पहले बनाई गई होगी। एनडी नेगी ने कहा कि यह संभव ही नहीं है कि कोई जेल से इंटरव्यू दे सके। उन्होंने जेल में सख्त सिक्योरिटी होने का दावा किया है।
गैंगस्टर लॉरेंस ने इंटरव्यू में पंजाब प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सिद्धू मूसेवाला के रिश्तों समेत सिद्धू द्वारा विभिन्न गैंग को सपोर्ट करने का खुलासा किया। इस पर राजा वड़िंग से संपर्क का प्रयास किया, लेकिन वह दिल्ली में अपने किसी पारिवारिक समारोह में व्यस्त होने बताए गए।
मामले में कांग्रेस से विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा से संपर्क किया गया। बाजवा ने भी पंजाब से बाहर होने की बात कहते हुए बताया कि वह शाम को लौटेंगे। उन्होंने कहा कि लॉरेंस के इंटरव्यू बारे उन्हें किसी से पता जरूर लगा है, लेकिन उन्होंने स्वयं इंटरव्यू नहीं सुना है। उन्होंने इंटरव्यू सुनकर शाम को जवाब देने की बात कही।
