Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा विधानसभा के बाहर हंगामा, विधायकों और सुरक्षाकर्मियों में झड़प; हुड्डा बोले- मुझे धक्का मारा

चंडीगढ़।हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार को हंगामे और धक्का मुक्की के साथ शुरू हुआ। सत्र में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस विधायक हाई कोर्ट चौक से विधानसभा तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।  इस बीच कांग्रेस विधायकों ने विरोध जताया तो सदन के बाहर हंगामा किया। इस बीच सुरक्षाकर्मी और विधायकों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति देखने को मिली।

पेपर लीक और कर्मचारियों की हड़ताल जैसे कई मुद्दों को लेकर हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के सभी विधायकों ने काले कपड़े पहनकर एंट्री की। वहीं, राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन के चलते कांग्रेस से निलंबित किए गए जरनैल सिंह मोहम्मद इलियास और शैली चौधरी ने काले कपड़ों की बजाय सामान्य कपड़े पहने।

इस बीच सदन के बाहर कांग्रेस विधायकों के साथ हुई झड़प को लेकर कांग्रेस सदस्यों ने सदन में हंगामा किया। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर सिंह कल्याण और आपस में उलझते नजर आए।

सदन में दोनों पक्षों की ओर से चल रही जोरदार नारेबाजी। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने आज देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। हरियाणा की जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को भी विधानसभा भवन में घुसने से बलपूर्वक रोका गया। यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान सरकार कई अहम सवालों पर घिरती नजर आएगी। राज्य के 1107 प्राइवेट स्कूलों को बंद करने का फैसला, छठी क्लास से कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना और एचसीएस अधिकारियों के वेतनमान से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाब देगी।

इसके बाद शून्यकाल में विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सदन में रखेंगे। सदन की कार्रवाई के दौरान विशेषाधिकार हनन समितियों की रिपोर्ट भी पेश की जाएगी।

Exit mobile version