Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुलदीप बिश्नोई के बयान पर हिसार में बवाल, BJP नेता का फूंका पुतला; OBC समाज से माफी मांगने की उठी मांग

हिसार। भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की आदमपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हिसार में इस बयान के विरोध में जीजेयू (गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय) के गेट के सामने छात्र मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलदीप बिश्नोई का पुतला फूंका गया और जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व सतपाल वर्मा और सुभाष सैनी ने किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुलदीप बिश्नोई की टिप्पणी से OBC समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने भाजपा नेता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

विधायक चंद्रप्रकाश को बताया था ‘घटिया’

विवाद की शुरुआत 11 नवंबर को आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई के नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए उनसे कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, जिसमें विधायक ने कहा था कि क्षेत्र में विकास कार्य उनके द्वारा करवाए जाते हैं, जबकि उद्घाटन का फीता भव्य बिश्नोई काट जाते हैं।

इस सवाल के जवाब में कुलदीप बिश्नोई ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक चंद्रप्रकाश को ‘घटिया’ कह दिया था। उनके इसी बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया।

PA से डिबेट करने की दी थी चुनौती

कुलदीप बिश्नोई ने बातचीत के दौरान दावा किया था कि आदमपुर में कौन विकास कार्य करवा रहा है, इसकी जानकारी क्षेत्र की जनता और प्रदेश सरकार को है। उन्होंने कहा था कि सरकारी विकास कार्यों से संबंधित पत्र उन्होंने खुद लिखवाए हैं।

उन्होंने विधायक चंद्रप्रकाश को चुनौती देते हुए कहा था कि वे किसी भी दिन उनके घर आकर उनके निजी सहायक (PA) से इस मुद्दे पर बहस कर सकते हैं।

2024 में चंद्रप्रकाश ने भव्य बिश्नोई को हराया था

आदमपुर विधानसभा सीट पर 2024 के चुनाव में कांग्रेस ने पूर्व IAS अधिकारी चंद्रप्रकाश को उम्मीदवार बनाया था, जबकि भाजपा की तरफ से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई चुनाव मैदान में थे।

इस चुनाव में चंद्रप्रकाश ने भव्य बिश्नोई को 1,268 वोटों के अंतर से हराया था। भव्य बिश्नोई को कुल 64,103 वोट मिले थे।

फिलहाल कुलदीप बिश्नोई के बयान को लेकर विरोध जारी है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि भाजपा नेता अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

Exit mobile version