दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई का एक और वीडियो सामने आया है. वीडियो में बस में हिरासत में बैठाई गई एक महिला प्रदर्शनकारी खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश करती नजर आ रही है. महिला को पकड़ने के लिए महिला पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ती है, लेकिन कुछ ही देर में दूसरी तरफ मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा उसे दोबारा पकड़ लिया जाता है और फिर बस में जबरन बैठा दिया जाता है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पहले बस में बैठी होती है. इसके बाद वह खिड़की के रास्ते बाहर निकलती है और वहां से भागने लगती है. महिला पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ती है. वहीं, दूसरी तरफ खड़े पुलिसकर्मी भी उसे रोकने के लिए आगे बढ़ते हैं. आखिरकार पुलिसकर्मी महिला को दोबारा पकड़ लेते हैं और बस में बैठा देते हैं.
यह वीडियो जंतर-मंतर का बताया जा रहा है, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर भी सवाल उठाए हैं. इस विवाद का संबंध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से जुड़ी शिकायतों से भी है.
प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेता नेहा बोरा को भी 2 अक्टूबर के बाद दोबारा हिरासत में ले लिया गया है.

