Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिरसा जेल में बंदियों का हंगामा , वार्डर से बदसलूकी का आरोप , 6 लोगों पर केस दर्ज

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिला कारागार में बंदियों को बैरक में भेजने के दौरान जेल कर्मचारियों और कुछ बंदियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान बंदियों ने जेल कर्मियों के साथ बदसलूकी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। एक वार्डर की वर्दी पकड़ने से उसका बटन भी टूट गया। मामले में छह बंदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक बुधवार रात जेल में बंदियों को उनकी बैरक में भेजा जा रहा था। इसी दौरान वार्डर दिलबाग सिंह और विनोद की कुछ बंदियों के साथ कहासुनी हो गई।
दो बंदियों से शुरू हुआ विवाद
आरोप है कि बंदी बलजीत सिंह और पवन कुमार ने वार्डर के साथ दुर्व्यवहार किया। कहासुनी बढ़ने के बाद अन्य बंदी भी मौके पर पहुंच गए, जिससे जेल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान जेल कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और वार्डर की वर्दी पकड़ ली गई, जिससे वर्दी का बटन टूट गया।
जेल DSP की शिकायत पर कार्रवाई
घटना के बाद जेल डीएसपी राम कुमार की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने छह बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के दौरान हुई घटनाओं की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version