Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में कर्मचारियों का हंगामा…वेतन कटौती और मिस-पंच को लेकर 2 हजार वर्कर ने दिया धरना

हरियाणा के झज्जर स्थित याकूबपुर फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में वेतन वृद्धि, भत्तों में कटौती और मिस-पंच के मुद्दे को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को करीब 2 हजार कर्मचारी कंपनी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर झज्जर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचते ही कुछ कर्मचारी दूसरी ओर दौड़ने लगे, हालांकि बाद में बातचीत के लिए तैयार हो गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और वेयरहाउस के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी ने उनकी नाइट शिफ्ट की सैलरी 18 हजार रुपए से घटाकर 13 हजार रुपए कर दी है। साथ ही कई कर्मचारियों की पोस्ट भी डाउनग्रेड कर दी गई है। पहले नाइट शिफ्ट के लिए 120 रुपए अतिरिक्त भत्ता मिलता था, जिसे घटाकर 70 रुपए कर दिया गया है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने मांग की है कि रिपोर्ट भत्ता 120 रुपए किया जाए, नौकरी का कॉन्ट्रैक्ट कम से कम एक वर्ष का हो और बीच में समाप्त न किया जाए। इसके अलावा कर्मचारियों की पोस्ट में बदलाव न किया जाए तथा एसोसिएट कर्मचारियों को अन्य पदों पर ट्रांसफर न किया जाए।

वर्करों ने अटेंडेंस बोनस, धरना अवधि के दौरान लीव बोनस और 783 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से वेतन देने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि मिस-पंच होने पर वेतन नहीं काटा जाना चाहिए और लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनके दो साथियों के साथ मारपीट की गई और धरना समाप्त करने के लिए धमकियां दी गईं। कुछ कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की चेतावनी भी दी गई है। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं झज्जर सदर थाना प्रभारी परमजीत ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की और कर्मचारियों की अधिकांश प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version