रोहतक के गांव नांदल में बिजली मीटर बाहर लगाने के लिए गई उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) की टीम के साथ ग्रामीणों का विवाद हो गया। ग्रामीण बाहर मीटर लगाने का विरोध कर रहे थे। विवाद को बढ़ता देख पुलिस को भी बुलाया गया। पुलिस के सामने भी झगड़ा जारी रहा, जिसके बाद काम रुकवा दिया गया। टीम ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
UHBVN सब डिवीजन रोहतक के उपमंडल अधिकारी (SDO) संजीत ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मंगलवार को बिजली निगम की टीम गांव नांदल में गई हुई थी। निगम द्वारा बिजली मीटर घरों से बाहर निकालकर बिजली पोल (खंभों) पर लगाए जा रहे हैं। इस दौरान निगम की टीम के साथ ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और दुर्व्यवहार किया।
उन्होंने कहा कि सरकारी आदेशानुसार, गांव नांदल में बिजली चोरी रोकने, लाइन लास कम करने और निरंतर सप्लाई करने के लिए खंभों पर बिजली मीटर लगाने का काम चल रहा है। गांव में करीब 80 प्रतिशत मीटर घरों के बाहर लगाए जा चुके हैं। गांव की नंबरदार वाली गली में बिजली मीटर घरों के बाहर लगाने गई तो वहां के लोग इकट्ठा हो गए और झगड़ा करने लगे।
पुलिस के सामने किया झगड़ा
उन्होंने कहा कि वहां के लोग एकत्रित हो गए और बिजली निगम का काम भी रोक दिया। साथ ही झगड़ा करने लगे। जिसके कारण बिजली निगम की टीम ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस के सामने भी लोग झगड़ा करते रहे। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

