रोहतक में इस्माइला पुल के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। वहीं पति जिला झज्जर के जसौर खेड़ी स्थित कॉलेज का डिप्टी सुपरिटेंडेंट घायल हो गया। घायल का PGI में उपचार करवाया गया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव कुतलाना निवासी अशोक ने बताया कि वह राजकीय महाविद्यालय जसौर खेड़ी में डिप्टी सुपरिटेंडेंट हैं। वह रविवार को अपनी पत्नी सुनीता के साथ स्कूटी पर प्राइवेट चिकित्सक के पास फिजियोथैरेपी करवाने रोहतक आए थे। फिजियोथैरेपी करवाकर जब दोनों वापस जाने लगे तो रास्ते में इस्माइला पुल पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
चालक वाहन को लापरवाही से चला रहा था, जिस कारण यह हादसा हुआ। टक्कर लगने से वे दोनों सड़क पर गिर गए। दोनों को गंभीर चोट आई। सिर में चोट लगने के कारण पत्नी सुनीता की मौत हो गई। राहगीरों ने मुझे घायल अवस्था में PGI पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मैंने ही पुलिस को हादसे की सूचना दी।
जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। रविवार को देर शाम होने के कारण मृतका का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। कागजी कार्रवाई करते हुए सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। आरोपी वाहन चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

